![]()
कानपुर देहात के भोगनीपुर थाना क्षेत्र में दंपति से हुई लूट का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुठभेड़ के बाद एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। उसके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, ₹6 हजार नकद, वारदात में प्रयुक्त बाइक और अवैध तमंचा बरामद किया गया है। वहीं उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस के मुताबिक, 18 जुलाई 2026 को ग्राम हांसेमऊ के पास बाइक सवार दंपति से लूट की वारदात हुई थी। पीड़ित की तहरीर पर भोगनीपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। 28-29 जुलाई की रात पुलिस को सूचना मिली कि लूट की घटना में शामिल दो बदमाश मूसानगर से देवीपुर की ओर आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने देवीपुर-मलासा रोड पर वाहन चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान बिना नंबर की काली होंडा एसपी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों भागने लगे। पीछा करने पर कच्चे रास्ते में उनकी बाइक फिसलकर गिर गई। पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल पुलिस के अनुसार, घिरता देख बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। उसका दूसरा साथी खेतों और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। लूटा गया मोबाइल, नकदी और तमंचा बरामद गिरफ्तार आरोपी की पहचान रितिक उर्फ चिप्पा, निवासी हारामऊ डेरा, थाना भोगनीपुर के रूप में हुई है। उसके कब्जे से दंपति से लूटा गया वीवो एंड्रॉयड मोबाइल, ₹6 हजार नकद, 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा बिना नंबर की काली होंडा एसपी मोटरसाइकिल बरामद की गई। घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी पुखरायां भेजा गया है। फरार आरोपी की तलाश जारी पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पुलिस पर फायरिंग, अवैध असलहा रखने और अन्य संबंधित धाराओं में नया मुकदमा दर्ज किया है। फरार आरोपी सचिन की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
Source link