Sorting by

×




बहराइच जिले में एक दलित युवक की पिटाई के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। इस मामले में समाजवादी पार्टी (सपा) का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को मृतक के परिवार से मिला और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। यह घटना जिले के खैरीघाट इलाके के चमारन पुरवा गांव की है। करीब दस दिन पहले दुर्गेश गौतम का राकेश त्रिवेदी से ई-रिक्शा पर बैठने को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि राकेश ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर दुर्गेश की बेरहमी से पिटाई की थी। गंभीर रूप से घायल दुर्गेश की 1 जून को इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने पुलिस पर मामले में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। इसी मामले को लेकर सोमवार दोपहर करीब दो बजे समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री यासर शाह और जिलाध्यक्ष रामतेज के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल मृतक के घर पहुंचा। उन्होंने परिजनों से घटना की विस्तृत जानकारी ली। प्रतिनिधिमंडल में शामिल जिलाध्यक्ष रामतेज ने कहा कि एक दलित युवक की बेरहमी से पिटाई की गई, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने अभी तक सिर्फ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं। जिलाध्यक्ष ने यह भी बताया कि परिवार के लोगों को धमकाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वे राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पीड़ित परिवार से मिलने आए हैं और घटना की विस्तृत रिपोर्ट पार्टी हाईकमान को भेजी जाएगी। इस दौरान समाजवादी पार्टी के नेता रमेश गौतम, के.के. ओझा, बंशीधर बौद्ध, रामजी यादव समेत कई अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *