![]()
दिल्ली में कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिए जाने के विरोध में कानपुर में मंगलवार रात कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद पुलिस ने बुधवार को प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए पार्टी के कई नेताओं को उनके आवास पर ही हाउस अरेस्ट कर दिया। पुलिस बुधवार सुबह कांग्रेस महानगर जिलाध्यक्ष पवन गुप्ता, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता विकास अवस्थी और प्रदेश महासचिव जेपी पाल के आवास पहुंची। इसके अलावा यूथ कांग्रेस नेता प्रभाकर पांडेय और ग्रामीण जिलाध्यक्ष अमित पांडेय को भी उनके घर पर ही रखा गया। महानगर जिलाध्यक्ष पवन गुप्ता ने फोटो जारी कर दावा किया कि कांग्रेस ने बुधवार को स्मार्ट मीटर और दिल्ली में लाठीचार्ज के विरोध में जिलाधिकारी को ज्ञापन देने का कार्यक्रम घोषित किया था। उन्होंने कहा कि पार्टी अपना विरोध दर्ज कराएगी और किसी भी तरह जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगें रखेगी। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जताना उनका अधिकार है। वहीं, पुलिस की ओर से एहतियातन कार्रवाई करते हुए नेताओं को घरों पर ही रोक दिया गया, ताकि कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो।
Source link