Sorting by

×




चंदौली जिले की शहाबगंज थाना पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी सरवन कुमार उर्फ श्रवण को गिरफ्तार किया है। आरोपी को सोमवार को गौतमबुद्ध नगर जिले के कासना क्षेत्र से पकड़ा गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम उसे चंदौली लेकर आई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। सरवन कुमार उर्फ श्रवण चंदौली के सदर कोतवाली क्षेत्र के बसिला गांव का निवासी है। उसके खिलाफ चंदौली और शहाबगंज थानों में गौवंश तस्करी के कई मामले दर्ज हैं। इन मामलों में मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इनाम घोषित होने के बाद से श्रवण गैर-जनपद में छिपकर रह रहा था और अपनी पहचान बदलकर गौतमबुद्ध नगर के कासना स्थित जीआरबी इंटरप्राइजेज में नौकरी कर रहा था। शहाबगंज थाने की पुलिस टीम को जांच के दौरान श्रवण के गौतमबुद्ध नगर में छिपे होने की सूचना मिली। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम गौतमबुद्ध नगर रवाना हुई और मौके से आरोपी को दबोच लिया। चंदौली लाकर की गई पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अलीनगर थाना क्षेत्र के लौदा गांव निवासी गोलू यादव के साथ मिलकर गौवंश तस्करी का काम करता था। उसने बताया कि वे गौवंश को वध के लिए बेचकर अधिक मुनाफा कमाते थे। श्रवण अपने सहयोगी को लोकेशन देकर वाहनों को पास कराने का काम करता था। आरोपी ने यह भी बताया कि कुछ समय पहले गोलू यादव की मौत हो गई, जिसके बाद वह गौतमबुद्ध नगर में नौकरी करने लगा था। पुलिस अब आरोपी के नेटवर्क को खंगालने में जुटी है। इस गिरफ्तारी अभियान में कृपेंद्र प्रताप सिंह, राजेंद्र नाथ सिंह, अमित मिश्रा, इरशाद अंसारी, आफताब अहमद, नियाज अहमद, विपुल वर्मा और बृजेश कुमार शामिल थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *