![]()
संतकबीरनगर में समाजवादी पार्टी (सपा) ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी को सौंपा। जिलाध्यक्ष अब्दुल कलाम के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जौहर विश्वविद्यालय, राम मंदिर चढ़ावा चोरी, नीट पेपर लीक और सोनम वांगचुक प्रकरण को लेकर केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ विरोध जताया। अब्दुल कलाम ने आरोप लगाया कि सरकार जनता का ध्यान मूल मुद्दों से भटकाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के खिलाफ कार्रवाई कर रही है, जिससे हजारों छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों का भविष्य प्रभावित हो सकता है। उन्होंने विश्वविद्यालय के खिलाफ की जा रही कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। ज्ञापन में अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले का भी जिक्र किया गया। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि मामला सामने आने के बावजूद संबंधित लोगों के खिलाफ अब तक कोई आपराधिक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। उन्होंने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की। नीट पेपर लीक मामले को लेकर भी सपा ने केंद्र सरकार को घेरा। ज्ञापन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग की गई। इसके अलावा जंतर-मंतर पर छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया गया। सपा नेताओं ने राष्ट्रपति से हस्तक्षेप कर लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करने तथा ज्ञापन में उठाए गए सभी मुद्दों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। प्रदर्शन में मेंहदावल विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी जयराम पांडेय, पूर्व जिलाध्यक्ष लोरिक यादव, रामदरश यादव, जिला महासचिव विनोद यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Source link