![]()
शाहजहांपुर में गुरुवार शाम करीब चार बजे दो बाइकों की टक्कर के बाद युवकों के बीच जमकर विवाद हो गया। यह घटना सदर बाजार थाना क्षेत्र के जीआईसी तिराहे के पास हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि गाली-गलौज के बाद मारपीट हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। विवाद के दौरान दोनों पक्षों के कई लोग मौके पर आ गए, जिन्हें आसपास मौजूद पुलिस का बिल्कुल भी खौफ नहीं था। बताया जा रहा है कि पुलिस के सामने ही दोनों पक्ष हाथापाई पर उतर आए। जिस स्थान पर विवाद हुआ, वहां यातायात पुलिस भी तैनात थी, लेकिन बाइक सवारों ने अपने साथियों को फोन कर बुला लिया। साथियों के पहुंचने के बाद विवाद और बढ़ गया। सदर थाने की पुलिस को मौके पर बुलाया गया। पुलिस के सामने भी दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे को गाली-गलौज करते और देख लेने की धमकी देते रहे। चर्चा ये भी है कि पुलिस की मौजूदगी में भी मारपीट हुई। इसके बाद पुलिस दोनों पक्षों के कई लोगों को थाने ले आई। पुलिस की मौजूदगी में गाली-गलौच का वीडियो सामने आया है। थाने में उनसे पूछताछ की जा रही है। मामले को लेकर राजनीति भी शुरू हो गयी है। जिसमें कुछ लोग कार्रवाई की बात कर रहे हैं, तो कुछ समझौते के माध्यम से मामला निपटाने का सुझाव दे रहे हैं। सदर थाने के एसएसआई कुलदीप सिंह ने बताया कि बाइकों की टक्कर के बाद विवाद हुआ था। दोनों पक्षों को थाने लाया गया है और उनसे पूछताछ जारी है।
Source link