Sorting by

×




बरेली के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत के दौरान एक युवक का दाहिना हाथ गंभीर रूप से कट जाने का मामला सामने आया है। युवक एसआरएमएस अस्पताल में भर्ती है। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस पर बर्बरता और लापरवाही का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस का कहना है कि युवक ने नशे की हालत में खुद ही थाने में लगे शीशे पर हाथ मार दिया था, जिससे यह हादसा हुआ। छेड़छाड़ की शिकायत पर 112 पुलिस लेकर गई थी थाने
चंदपुर बिचपुरी गांव निवासी अनिल के परिजनों के मुताबिक, वह शाम को ड्यूटी से लौट रहा था। रास्ते में गांव की एक महिला पैदल जा रही थी। अनिल ने उसे बाइक से घर छोड़ने की बात कही, लेकिन महिला ने इसे गलत समझते हुए डायल-112 पर छेड़छाड़ की शिकायत कर दी। सूचना मिलने पर पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंची और रात में अनिल को घर से थाने ले गई। रातभर जानकारी नहीं दी, सुबह अस्पताल पहुंचकर उड़े होश
अनिल की मां लज्जावती का आरोप है कि जब परिवार के लोग रात में बेटे के बारे में जानकारी लेने थाने पहुंचे तो पुलिस ने उनके साथ अभद्रता की और वहां से भगा दिया। अगले दिन सुबह दोबारा जाने पर पुलिस ने बताया कि अनिल को हल्की चोट लगी है। इसके बाद पुलिस परिजनों को भोजीपुरा स्थित एसआरएमएस अस्पताल लेकर पहुंची। ऑपरेशन थिएटर में मिला बेटा, हाथ बुरी तरह क्षतिग्रस्त
अस्पताल पहुंचकर परिजनों के होश उड़ गए। उनका आरोप है कि अनिल खून से लथपथ था और उसका दाहिना हाथ बुरी तरह कट चुका था। डॉक्टरों ने बताया कि रात करीब दो बजे से उसका ऑपरेशन किया गया है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने हाथ काटने की बात कही थी, लेकिन मां ने इसकी अनुमति देने से इनकार कर दिया। फिलहाल युवक का इलाज जारी है। पुलिस का दावा- नशे में खुद शीशे पर मारा हाथ
सीओ हाइवे देवेश कुमार ने बताया कि एक महिला की शिकायत पर पीआरवी-112 अनिल को थाने लेकर आई थी। उस समय वह अत्यधिक शराब के नशे में था। पुलिस के अनुसार, थाने में उसने नशे की हालत में वहां लगे शीशे पर जोर से हाथ मार दिया, जिससे शीशा टूट गया और उसके हाथ में गहरी चोट लग गई। गंभीर हालत को देखते हुए उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज, जांच शुरू
सीओ ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर अनिल के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही हिरासत में घायल होने की घटना की भी निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी, जबकि परिजन पूरे मामले में पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। शराब के नशे में युवक ने थाने में की तोड़फोड़- सीओ देवेश कुमार
सीओ हाइवे देवेश कुमार ने बताया कि 11 जुलाई को थाना बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक पीड़िता ने डायल 112 के माध्यम से स्वयं के साथ छेड़खानी और गाली-गलौज संबंधी शिकायत दर्ज कराई थी। जिसके संबंध में पीआरवी द्वारा आरोपी अनिल पुत्र छेदालाल, निवासी ग्राम चंदपुर को थाने पर लाया गया था।
सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर थाने पर तैनात संबंधित उप-निरीक्षक व रात्रि अधिकारी के द्वारा पूछताछ की जा रही थी। जिस दौरान यह ज्ञात हुआ कि उक्त अभियुक्त शराब के नशे में है और वह पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए उत्तेजित हो गया। इसी दौरान उसने आवेश में आकर सीसीटीएनएस कार्यालय के गेट पर लगे शीशे पर हाथ मार दिया, जिससे शीशा टूट गया और टूटे हुए शीशे से उसके दाहिने हाथ पर चोट लग गई, जिससे रक्तस्राव होने लगा।
घायल अनिल को आवश्यक उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहाँ से बेहतर उपचार हेतु एसआरएमएस हॉस्पिटल रेफर कर उपचार कराया गया। वर्तमान में अभियुक्त की स्थिति सामान्य है और आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रचलित है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *