Sorting by

×




पीलीभीत में पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के लिए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान रविवार को शुरू हो गया है। इस अभियान का आगाज गोमती नदी के किनारे स्थित ऐतिहासिक गोमती गुरुद्वारे से किया गया। इसके तहत गोमती नदी के तट पर 47 किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला बनाई जाएगी, जिसके सहारे 18,000 पौधे रोपे जाने का लक्ष्य है। कार्यक्रम में जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और बरखेड़ा से भाजपा विधायक स्वामी प्रवक्ता नंद सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने स्वयं फावड़ा उठाकर गड्ढा खोदा और पौधा लगाकर जल अर्पित कर वृक्षारोपण की शुरुआत की। इस पुनीत कार्य में प्रशासनिक अमले के साथ-साथ सामाजिक संस्थाओं ने भी सक्रिय रूप से हिस्सा लिया। ‘प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय’ और ‘नेकी की दीवार’ जैसी संस्थाओं के स्वयंसेवकों ने बड़ी संख्या में पौधारोपण किया। जिले में इस वर्ष कुल 40 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके लिए सभी सरकारी विभाग युद्ध स्तर पर काम कर रहे हैं। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने जनमानस को संदेश देते हुए कहा कि यह अभियान केवल कागजों या तस्वीरों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे पूरी तरह धरातल पर उतरना होगा। उन्होंने जोर दिया कि समाज के हर वर्ग को इसमें योगदान देना चाहिए। केवल पौधा लगाकर खानापूर्ति करने से काम नहीं चलेगा, बल्कि उसकी देखरेख और उसे जीवित रखने की जिम्मेदारी भी उठानी होगी। विधायक स्वामी प्रवक्ता नंद ने भी अभियान की सराहना करते हुए नागरिकों से अपनी मां के नाम पर कम से कम एक पौधा लगाने और पर्यावरण को सुरक्षित बनाने की अपील की।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *