Sorting by

×




मैनपुरी में आज 34 लाख 80 हजार पौधे रोपकर वृहद पौधारोपण अभियान को अंजाम दिया जाएगा। इस अभियान में वन विभाग, ग्राम पंचायतों, नगर निकायों, शिक्षा और राजस्व सहित विभिन्न विभाग शामिल होंगे। प्रशासन ने पौधारोपण के साथ उनके संरक्षण पर भी विशेष जोर दिया है। आज रविवार को सुबह 11 बजे से जिले के चिन्हित स्थलों पर पौधारोपण शुरू होगा। इसके लिए वन विभाग की 25 नर्सरियों से पौधों का उठान पहले ही कराया जा चुका है। प्रशासन के अनुसार, जिले में लगभग 61 लाख पौधे उपलब्ध थे, जिनमें से अधिकांश अभियान स्थलों तक पहुंचा दिए गए हैं। सभी विभागों को अपने-अपने लक्ष्य के अनुरूप पौधारोपण कर उसकी ऑनलाइन रिपोर्ट भी अपलोड करनी होगी। बड़े पौधारोपण स्थलों की डिजिटल डायरी तैयार की जाएगी, जिसमें पौधारोपण से लेकर उसकी देखभाल तक का पूरा रिकॉर्ड दर्ज होगा। अभियान से पहले आगरा मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने तैयारियों की समीक्षा की और स्पष्ट निर्देश दिए कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें जीवित रखना सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रत्येक पौधारोपण स्थल पर पानी, सुरक्षा, फेंसिंग और नियमित निगरानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि जिले की प्रत्येक नगर पंचायत में एक-एक मियावाकी वन विकसित किया जाएगा, जिसके लिए स्थान पहले ही चिन्हित किए जा चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हर महीने जिला पर्यावरण समिति की बैठक में इन डिजिटल डायरियों की समीक्षा होगी और यदि वास्तविक स्थिति तथा अपलोड की गई जानकारी में अंतर मिला तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। डीएम डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य केवल लक्ष्य पूरा करना नहीं, बल्कि जिले में हरित क्षेत्र बढ़ाना और पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ना है। इसके लिए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवी संगठनों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों की भी भागीदारी सुनिश्चित की गई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *