Sorting by

×




कानपुर के नौबस्ता-रामादेवी फ्लाईओवर पर शनिवार दोपहर तीन बजे एक बड़ा हादसा टल गया। पेट्रोल टैंकर का टायर फटने से तेज धमाका हुआ और वह बेकाबू होकर क्रैश बैरियर तोड़ते हुए दूसरी लेन में जा घुसा। इस दौरान पीछे चल रही एक वैगन-आर कार उसकी चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, मौक़ा मिलते ही टैंकर चालक भाग निकला। जिससे दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया और वाहन रेंग रेंगकर गुजरते रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटना श्यामनगर इलाके के फ्लाईओवर पर हुई। नौबस्ता से रामादेवी की ओर जा रहे पेट्रोल टैंकर का अचानक टायर फट गया। धमाके के साथ टैंकर अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर पार कर विपरीत दिशा की लेन में पहुंच गया। हादसे के बाद दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे करीब दो किलोमीटर तक जाम लग गया। मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शी अब्बास अली और मेराज ने बताया कि यदि दर्जनों वाहन चालकों ने समय रहते ब्रेक नहीं लगाए होते, तो यह हादसा और भी भयावह हो सकता था। सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस और चकेरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। टीएसआई भूपेंद्र नाथ यादव ने क्रेन मंगवाकर क्षतिग्रस्त टैंकर और कार को हटवाया। लगभग 30 मिनट की मशक्कत के बाद यातायात सामान्य हो सका। हादसे में कार सवार को मामूली चोटें आईं, लेकिन कोई जनहानि नहीं हुई। चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि यातायात सुचारु कर दिया गया है। फरार टैंकर चालक की तलाश की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *