Sorting by

×




सीतापुर में शहर के घंटाघर स्थित नगर पालिका की ऐतिहासिक इमारत में लंबे समय से संचालित हो रहे शहर कांग्रेस कमेटी के कार्यालय को शनिवार सुबह 9 बजे पुलिस फोर्स की मौजूदगी में प्रशासन ने खाली करा दिया। करीब 55 सालों से किराया जमा नहीं किए जाने के चलते नगर पालिका ने कार्यालय के कब्जे को अवैध माना था। पूर्व में जारी नोटिस की समयसीमा पूरी होने के बाद प्रशासनिक टीम शनिवार सुबह मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू करते हुए सरकारी ताला जड़ दिया है। नगर पालिका की ऐतिहासिक इमारत में शहर कांग्रेस कमेटी का कार्यालय संचालित हो रहा था। नगर पालिका की ओर से करीब 15 दिन पूर्व कार्यालय खाली करने का नोटिस जारी किया गया था। कांग्रेस पदाधिकारियों ने प्रशासन के इस आदेश के खिलाफ हाईकोर्ट का भी रुख किया था। मामले की सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने उनकी अपील खारिज कर दी थी। इसके बाद निर्धारित समय सीमा पूरी होने पर प्रशासन ने भवन खाली कराने की कार्रवाई की। शनिवार सुबह एसडीएम सदर जनार्दन कुमार, तहसीलदार अजीत जायसवाल और नगर पालिका के अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक टीम ने कार्यालय में लगे शहर कांग्रेस कमेटी के बोर्ड को हटवाया। इसके बाद भवन पर नगर पालिका की ओर से अपना ताला जड़ दिया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर काफी हलचल रही। बताया जाता है कि नगर पालिका की संपत्ति का लंबे समय से किराया जमा नहीं किया गया था। करीब 55 वर्षों से अवैध रूप से कब्जा कर किराया न दिए जाने के कारण कब्जे को नियमों के विपरीत माना गया और नियमानुसार कार्यालय खाली कराने की कार्रवाई की गई। एसडीएम सदर डॉ. जनार्दन ने बताया कि नगर पालिका की ओर से जारी नोटिस की समयसीमा समाप्त हो चुकी थी। न्यायालय में भी संबंधित पक्ष को राहत नहीं मिली। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर भवन को खाली कराया और नगर पालिका ने उस पर अपना कब्जा ले लिया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *