![]()
साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन साइ-वज्र अभियान के तहत बरेली पुलिस को लगातार तीसरे दिन बड़ी सफलता मिली। साइबर सेल, साइबर थाना, एसओजी और स्थानीय थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार को चार साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ एनसीआरपी (NCRP) पोर्टल पर पहले से 11 साइबर फ्रॉड की शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से दो आईफोन भी बरामद किए हैं। साईबर थाना पुलिस ने रात 10 बजे मामले का खुलासा किया है। कर्नाटक और बिहार समेत कई राज्यों के लोगों को बनाया शिकार
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी कर्नाटक, बिहार समेत कई राज्यों के लोगों को झांसा देकर साइबर ठगी करते थे। ठगी से जुड़े करीब 6.44 लाख रुपए उनके बैंक खातों में ट्रांसफर हुए थे, जिन्हें बाद में अलग-अलग माध्यमों से निकाल लिया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी अपने बैंक खाते साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे और कमीशन लेकर रकम निकालकर आगे पहुंचाते थे। कैंट और बहेड़ी में दर्ज हुए दो मुकदमे
कार्रवाई के दौरान थाना कैंट में एक मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि थाना बहेड़ी में एक अन्य आरोपी को पकड़ा गया। सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 61(2), 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। तीन आरोपी एक साथ कर रहे थे काम
थाना कैंट पुलिस ने आनंद कुमार, विकास और सुमित श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया है। जांच में पता चला कि इनके बैंक खातों में साइबर अपराध से जुड़े करीब 3.41 लाख रुपए का लेन-देन हुआ था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अन्य राज्यों में सक्रिय साइबर ठगों के संपर्क में थे। उनके कहने पर अपने खातों में ठगी की रकम मंगाते थे और बाद में निकालकर बांट देते थे। पुलिस ने इनके पास से दो आईफोन भी बरामद किए हैं। इन तीनों के खिलाफ एनसीआरपी पोर्टल पर सात साइबर फ्रॉड की शिकायतें दर्ज हैं। बहेड़ी से चौथा आरोपी गिरफ्तार
बहेड़ी पुलिस ने मोहम्मद सवाद को गिरफ्तार किया। उसके बैंक खाते में साइबर अपराध से जुड़े करीब 3.03 लाख रुपए के लेन-देन की पुष्टि हुई है। पूछताछ में उसने भी अन्य राज्यों के साइबर अपराधियों के साथ मिलकर बैंक खाते उपलब्ध कराने और ठगी की रकम निकालने की बात कबूल की। उसके खिलाफ एनसीआरपी पोर्टल पर चार शिकायतें दर्ज मिली हैं। पुलिस बोली- अभियान आगे भी रहेगा जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार ऑपरेशन साइ-वज्र अभियान का उद्देश्य साइबर अपराधियों के नेटवर्क को तोड़ना और ऑनलाइन ठगी पर प्रभावी रोक लगाना है। अभियान के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और साइबर अपराध में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
Source link