Sorting by

×




लखनऊ विश्वविद्यालय परिसर में सोमवार को 10 वर्षीय अर्यमा शुक्ला ने एक साथ तीन गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ने का प्रयास किया। अर्यमा ने अपनी स्मरण शक्ति का प्रदर्शन करते हुए मौजूदा रिकॉर्ड्स को चुनौती दी। अर्यमा का पहला प्रयास ‘मोस्ट डेसिमल प्लेसेज ऑफ गोल्डन रेशियो मेमोराइज्ड’ श्रेणी में था। इस श्रेणी का वर्तमान रिकॉर्ड आर.पी. बारूकुटी के नाम 5005 अंकों का दर्ज है। अर्यमा ने लगभग 45 मिनट में 5555 अंकों का सटीक उच्चारण कर नया रिकॉर्ड बनाने का दावा किया। उन्होंने बताया कि गोल्डन रेशियो प्रकृति के विभिन्न क्षेत्रों में देखा जा सकता है, जैसे फूलों की संरचना और प्राकृतिक आकृतियों का संतुलन। एक मिनट में 380 अंक बोलकर रिकॉर्ड को चुनौती इसके बाद अर्यमा ने ‘मोस्ट डेसिमल प्लेसेज ऑफ यूलर्स नंबर इन वन मिनट’ श्रेणी में भी रिकॉर्ड तोड़ने का प्रयास किया। वर्तमान रिकॉर्ड 364 अंकों का है, जिसे शार्दुल माधवरम ने बनाया था। अर्यमा ने एक मिनट में 380 अंक बोलकर इस रिकॉर्ड को चुनौती दी। तीसरे प्रयास में अर्यमा ने ‘मोस्ट डेसिमल प्लेसेज ऑफ पाई इन वन मिनट’ श्रेणी में हिस्सा लिया। इस श्रेणी में वर्तमान रिकॉर्ड 260 अंकों का है, जबकि अर्यमा ने एक मिनट में 320 अंक बोलकर नया कीर्तिमान स्थापित करने का प्रयास किया। ये मौजूद रहे गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरे प्रयास की निगरानी स्वतंत्र गवाहों और टाइम कीपर्स की मौजूदगी में की गई। स्वतंत्र गवाह के रूप में गणितज्ञ एवं शोधकर्ता डॉ. आनंद बी. जोशी और डॉ. गौतम कुमार दिनकर मौजूद रहे, जिन्होंने पूरी प्रक्रिया का बारीकी से निरीक्षण किया। वहीं, प्रोफेसर मोहम्मद तारिक और डॉ. रियाज अहमद ने स्टॉपवॉच के माध्यम से समय की सटीक निगरानी की। इस अवसर पर लखनऊ विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के महासचिव प्रोफेसर अजय कुमार आर्या सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *