![]()
मथुरा में कृष्णा नगर चौकी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ₹5.70 लाख के जेवरों से भरा खोया हुआ पर्स महज दो घंटे में बरामद कर उसके मालिक को सुरक्षित सौंप दिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने दो टीमें गठित कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले और त्वरित कार्रवाई करते हुए पर्स तलाश लिया। पुलिस ने रविवार देर रात 12:30 बजे प्रेस नोट जारी कर इसकी जानकारी दी। दाऊजी विहार कॉलोनी निवासी रिटायर्ड सूबेदार सोनवीर सिंह शनिवार रात करीब 8 बजे परिवार के साथ कृष्णा नगर स्थित एक ज्वेलरी शोरूम में खरीदारी करने गए थे। खरीदारी के बाद कार में बैठते समय उनका पर्स कहीं गिर गया। पर्स में एक जोड़ी सोने की चूड़ियां, कान के टॉप्स और एक नोज रिंग रखी थी, जिनकी कुल कीमत करीब ₹5.70 लाख बताई गई। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर हुआ खुलासा काफी तलाश के बाद भी पर्स नहीं मिला तो उन्होंने कृष्णा नगर चौकी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक के निर्देश पर दो पुलिस टीमें बनाई गईं। चौकी प्रभारी संजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने करीब दो घंटे के भीतर ज्वैलरी से भरा पर्स बरामद कर लिया। सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पर्स उसके मालिक को सुरक्षित सौंप दिया गया। पर्स वापस मिलने पर रिटायर्ड सूबेदार सोनवीर सिंह ने मथुरा पुलिस का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरी गंभीरता के साथ कार्रवाई करते हुए उनका कीमती सामान सुरक्षित वापस दिलाया। कृष्णा नगर चौकी प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देरी किए जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की मदद से पर्स बरामद कर उसे उसके मालिक के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की।
Source link