![]()
हापुड़ के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार शाम 4 बजे विभाग की टीम ने मसाला निर्माण इकाइयों पर छापेमारी कर धनिया पाउडर और लाल मिर्च पाउडर के नमूने लिए। इस दौरान संदिग्ध गुणवत्ता की 15 किलोग्राम खुली लाल मिर्च कुटी सीज कर दी गई। फिलहाल कार्यवाही जारी है। टीम ने सबसे पहले गांव गोयना स्थित चोकरायत एग्रो इंडस्ट्रीज में छापा मारा, जहां से धनिया पाउडर और लाल मिर्च पाउडर का एक-एक नमूना लिया गया। इसके बाद, फ्रीगंज रोड स्थित नवीन ट्रेडर्स पर कार्रवाई करते हुए खुली लाल मिर्च कुटी का नमूना संग्रहित किया गया।
नवीन ट्रेडर्स से ही 15 किलोग्राम खुली लाल मिर्च कुटी सीज की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 3,750 रुपये बताई गई है। खाद्य विभाग ने सभी नमूनों को परीक्षण के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेज दिया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद, यदि खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरते हैं, तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सचल दल में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार सहित खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामेश्वर प्रसाद गुप्ता, विपिन कुमार सिंह, राम प्रकाश गंगवार और सोवेंद्र सिंह पंघाल शामिल थे। सहायक आयुक्त (खाद्य) चंद्रशेखर मिश्र ने बताया कि आम जनता को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मिलावटखोरों और खाद्य मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। मिश्र ने खाद्य कारोबारियों से गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन करने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Source link