![]()
बिजनौर के नजीबाबाद थाना क्षेत्र में देर रात एक सड़क हादसा हुआ। कोतवाली रोड पर हाईवे किनारे खाना खा रहे तीन लोगों को तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने कुचल दिया। इस हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। दो किशोर बाल-बाल बच गए। मृतक उत्तराखंड के रुद्रपुर से पंजाब जा रहे थे। हादसे का शिकार हुए ये लोग पिकअप वाहन में सवार होकर रुद्रपुर से पंजाब के लिए निकले थे। उनके साथ वाहन में दो घोड़े भी थे। नजीबाबाद-कोतवाली मार्ग पर नहर पटरी के मोड़ से पहले देर रात करीब 12:30 बजे सभी लोग वाहन रोककर खाना खाने के लिए रुके थे। हाईवे के पास जमीन पर बैठकर तीनों व्यक्ति खाना खा रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने उन्हें रौंद दिया। मृतकों की पहचान मनदीप सिंह (25) पुत्र लाल सिंह, अर्शदीप सिंह (29) और गगन दीप सिंह (24) के रूप में हुई है। मनदीप सिंह फिरोजपुर जिले के पीपली जट गांव के रहने वाले थे। उनकी शादी डेढ़ साल पहले हुई थी और उनका चार महीने का एक बच्चा है। अर्शदीप सिंह फिरोजपुर के तलवंडी पाई और गगन दीप सिंह पटियाला के उरदन के निवासी थे। हादसे में बचे दो किशोरों के नाम सन्नी पुत्र दिलेर सिंह और प्रिंस (14) पुत्र परमजीत सिंह हैं। ये दोनों रुद्रपुर के रहने वाले हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। एएसपी सिटी डॉक्टर कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि कार बरामद कर ली गई है। हादसे के बाद हरिद्वार रोड पर पुलिस ने बैरिकेड लगाकर गाड़ियों की चेकिंग शुरू की थी। पुलिस को देखकर आरोपी कार चालक कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
Source link