![]()
शामली के हसनपुर लुहारी गांव में सफाई व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ गई है। गांव में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं और नालियां कचरे से अटी पड़ी हैं। हालात यह हैं कि ग्राम पंचायत सचिवालय से महज 20 मीटर की दूरी पर भी गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। बस स्टैंड, गलियों, चौराहों और मुख्य मार्गों तक कूड़ा फैला हुआ है। इससे ग्रामीणों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई दिनों से नियमित सफाई नहीं हो रही है और कूड़ा भी नहीं उठाया जा रहा। नालियों और नालों में कूड़ा जमा होने से पानी की निकासी प्रभावित है। बारिश होने पर कई स्थानों पर नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बहने लगता है। बाईपास पर नाले की सफाई नहीं होने से पानी सड़क पर बह रहा है। सड़क पर लगातार पानी जमा रहने से इसके खराब होने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी तो सड़क पर गड्ढे हो सकते हैं। इससे वाहन चालकों और राहगीरों के लिए हादसे का खतरा बढ़ सकता है।
बस स्टैंड के आसपास भी गंदगी और जलभराव की स्थिति है। ग्रामीणों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों के साथ नालियों और नालों की नियमित सफाई बेहद जरूरी है। पंचायत सचिवालय के पास लगे कूड़े के ढेर को लेकर भी ग्रामीणों ने नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि जब सचिवालय के पास ही सफाई व्यवस्था का यह हाल है तो गांव के अन्य हिस्सों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। कूड़े के ढेर और जगह-जगह जमा गंदे पानी के कारण मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है। ग्रामीणों ने तत्काल कूड़ा उठवाने, नालियों और नालों की सफाई कराने तथा जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताई परेशानी सौरभ सिंघल ने बताया- गांव में कई स्थानों पर कूड़े के ढेर लगे हैं। सचिवालय के आसपास भी सफाई व्यवस्था ठीक नहीं है। नियमित सफाई की व्यवस्था होनी चाहिए।” विशांत कुमार ने बताया- नालियों में कूड़ा जमा होने से पानी की निकासी प्रभावित है। बारिश होते ही गंदा पानी सड़कों पर भर जाता है। बस स्टैंड पर सबसे ज्यादा परेशानी होती है।”
राहुल कुमार ने बताया, “कई दिनों से कूड़ा नहीं उठने के कारण जगह-जगह गंदगी बढ़ रही है। कूड़े और ठहरे पानी से मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है।” अजय सैनी ने बताया, “गांव में सफाई व्यवस्था नियमित होनी चाहिए। कूड़ा उठान, नालियों की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था तत्काल दुरुस्त कराई जाए।” अधिकारी बोले- कूड़ा हटवाकर नालियों की सफाई कराएंगे एडीओ दिनेश सैनी ने बताया कि गांव की सफाई व्यवस्था को लेकर जानकारी ली जा रही है। जहां कूड़ा जमा है, उसे हटवाने और नालियों की सफाई कराने के निर्देश दिए जाएंगे। नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Source link