Sorting by

×




मिर्जापुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 8 जुलाई को प्रस्तावित मिर्जापुर दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट हो गई है। मंगलवार को पुलिस लाइन स्थित मां विंध्यवासिनी सभागार में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने सुरक्षा व्यवस्था में तैनात जनपदीय एवं बाहरी जनपदों से आए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों तथा पीएसी जवानों की संयुक्त ब्रीफिंग की। ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों को हेलीपैड, कार्यक्रम स्थल, वीआईपी रूट और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी गई। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्ण सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बाद पुलिस लाइन सभागार में जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने कहा कि मुख्यमंत्री का जनपद भ्रमण अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी विभागों को अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्वहन करने के निर्देश दिए। बैठक में कार्यक्रम स्थल, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा सुविधा, पार्किंग और बैरिकेडिंग सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने पर जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सुरक्षा प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात प्रबंधन, वीआईपी रूट, पार्किंग और कानून-व्यवस्था से जुड़े सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके। बैठक में यह भी बताया गया कि मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के पुराने एवं प्रस्तावित कार्यों की मंडलीय समीक्षा बैठक करेंगे। इसे देखते हुए संबंधित विभागों को सभी अभिलेख, प्रगति रिपोर्ट और प्रस्तुतीकरण अद्यतन रखने तथा तैयारियां समय से पहले पूरी करने के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विनोद कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) नितेश सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह, उप जिलाधिकारी सदर महेंद्र सिंह, विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी गुलाब चंद्र, डिप्टी कलेक्टर संजीव कुमार यादव सहित जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *