![]()
कानपुर के विकास कार्यों की समीक्षा के लिए मंगलवार शाम 7.30 बजे सांसद रमेश अवस्थी ने सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ मैराथन बैठक की। लगभग ढाई घंटे बैठक चली। जिसमे नगर निगम, केडीए, केस्को, पीडब्ल्यूडी, जल निगम, स्वास्थ्य, शिक्षा, मेट्रो, पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। सांसद ने साफ कहा कि शहर के विकास में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ तय समय में काम पूरा करें। सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि सरकारी योजनाएं सिर्फ फाइलों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर काम करना होगा, ताकि जनता की समस्याओं का समय पर समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि सुशासन की पहचान लोगों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण है। जगन्नाथ यात्रा से पहले तैयारियां पूरी करने के निर्देश
बैठक में आगामी जगन्नाथ यात्रा को लेकर भी चर्चा हुई। सांसद ने अधिकारियों को यात्रा मार्ग का संयुक्त निरीक्षण करने और सड़क, सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, सुरक्षा व ट्रैफिक व्यवस्था समय रहते दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही छठ पूजा स्थलों का भी निरीक्षण करने को कहा। बारिश से पहले जलभराव रोकने पर जोर
बरसात को देखते हुए सांसद ने नालों की सफाई, जल निकासी की व्यवस्था और टूटी सड़कों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने शहर के प्रमुख चौराहों पर लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए स्थायी कार्ययोजना बनाने को भी कहा। स्कूलों के बाहर ट्रैफिक और बच्चों की सुरक्षा पर फोकस
शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा के दौरान सांसद ने कहा कि स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने प्रमुख स्कूलों के बाहर सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने, जर्जर स्कूल भवनों की मरम्मत कराने और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। केस्को को फॉल्ट कम करने और बिजली व्यवस्था सुधारने के निर्देश
सांसद ने केस्को अधिकारियों से कहा कि गर्मी के मौसम में लगातार होने वाले बिजली फॉल्ट लोगों के लिए परेशानी बनते हैं। जर्जर बिजली के तार और पोल जल्द बदले जाएं तथा निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
मेट्रो निर्माण से प्रभावित सड़कें जल्द ठीक हों
मेट्रो परियोजना की समीक्षा के दौरान सांसद ने निर्माण कार्यों से प्रभावित सड़कों की जल्द मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम लोगों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
संगठन और प्रशासन के बीच समन्वय पर दिया जोर
बैठक के दौरान सांसद ने भाजपा के जिला और मंडल पदाधिकारियों का अधिकारियों से परिचय कराया। उन्होंने कहा कि जनहित के कार्यों में संगठन और प्रशासन एक-दूसरे के सहयोगी हैं। समय-समय पर संवाद से जनता की समस्याओं का तेजी से समाधान होगा। बैठक में विधायक सुरेंद्र मैथानी, विधायक महेश त्रिवेदी, भाजपा जिला अध्यक्ष उत्तर अनिल दीक्षित और दक्षिण शिवराम सिंह, अपर पुलिस आयुक्त विपिन टाडा, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, बेसिक शिक्षा अधिकारी हरिओम, सीएमओ डॉ. हरिदत्त नेमी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के अंत में सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि कानपुर के विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े हर काम की नियमित समीक्षा होगी।
Source link