![]()
सहारनपुर के नकुड़ थाना क्षेत्र की रहने वाली एक विवाहिता की शिकायत पर पुलिस ने पति, ससुर और सास के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, अप्राकृतिक संबंध बनाने, अश्लील हरकत, जान से मारने की धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।पीड़िता का आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद से ही अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसका उत्पीड़न किया जाने लगा। तहरीर 5 अप्रैल 2026 को पुलिस को दी गई थी, जबकि पुलिस ने जांच के बाद 7 जुलाई 2026 को मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस को दी गई तहरीर में मोहल्ला बनजारान, कस्बा एवं थाना नकुड़ निवासी एक महिला ने बताया कि उसका निकाह 9 फरवरी 2025 को अंबाला जिले के महेशनगर थाना क्षेत्र के गांव सपेहरा निवासी शागिल से हुआ था। आरोप है कि निकाह में उसके परिजनों ने करीब 30 लाख रुपये खर्च किए और जरूरत का घरेलू सामान व मोटरसाइकिल भी दी, लेकिन शादी के कुछ दिन बाद ही पति, ससुर कर्मजीत और सास नीता कम दहेज लाने के ताने देने लगे और कार की मांग करने लगे।
तहरीर के अनुसार, विरोध करने पर आरोपी उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसका पति उसकी इच्छा के विरुद्ध अप्राकृतिक संबंध बनाता था। उसने यह भी आरोप लगाया कि ससुर पति के लिए सेक्स वर्धक दवाइयां लाता था, जिसके बाद उसके साथ बेरहमी से अप्राकृतिक संबंध बनाए जाते थे। इससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और अत्यधिक ब्लीडिंग होने पर मायके वालों ने उसका इलाज कराया। बाद में आरोपियों ने अपनी गलती मानते हुए उसे दोबारा ससुराल ले गए।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि बाद में उसे पता चला कि उसके पति के अन्य महिलाओं से भी संबंध हैं। इस बारे में पूछने पर पति ने जान से मारने की धमकी दी। वहीं ससुर पर बदनीयती से छूने, बाथरूम और बेडरूम में झांकने तथा अश्लील इशारे करने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायत के अनुसार जब उसने इसकी जानकारी पति और सास को दी तो उन्होंने उसकी बात पर विश्वास नहीं किया और उसके साथ अभद्र व्यवहार किया।
तहरीर में कहा गया है कि 12 सितंबर 2025 को आरोपियों ने अतिरिक्त दहेज की मांग करते हुए उसे घर से निकाल दिया। उस समय वह मुलाना स्थित एमएम यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रही थी। 90 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य होने और पढ़ाई प्रभावित होने के कारण उसने तत्काल कानूनी कार्रवाई नहीं की। बाद में वह अपनी मौसी के घर पहुंची, जहां से उसे मायके भेज दिया गया। तब से वह अपने माता-पिता के साथ रह रही है। पीड़िता का आरोप है कि उसका पति उसकी इच्छा के विरुद्ध दूसरी शादी करने की तैयारी कर रहा है। साथ ही उसे आरोपियों से जान का खतरा भी बताया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति, ससुर और सास के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Source link