![]()
सहारनपुर में कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम रामनगर, मल्हीपुर रोड में नए मकान के निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। एक पक्ष के राहुल ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य का विरोध करने वाले पड़ोस के लोगों ने एकराय होकर उसके घर में घुसकर उसकी मां और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। आरोप है कि बीच-बचाव के बाद आरोपी परिवार को निर्माण कार्य बंद नहीं करने पर जान से मारने की धमकी देकर चले गए। मामले में पुलिस द्वारा रिपोर्ट दर्ज नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए कोर्ट से एफआईआर दर्ज कर विवेचना कराने की मांग की गई है। लैंटर के ऊपर बाउंड्री बनाने को लेकर हुआ था विवाद कोर्ट में दाखिल प्रार्थना पत्र के मुताबिक, राहुल पुत्र सुरेश निवासी ग्राम रामनगर ने 15 जून 2026 को अपने नए मकान पर लैंटर डलवाया था। इसके बाद मिस्त्री लैंटर के ऊपर बाउंड्री का निर्माण कर रहा था। आरोप है कि इसी दौरान गांव निवासी मन्तलेश ने निर्माण कार्य का विरोध किया। इस पर राहुल की मां गीता देवी ने उसे समझा-बुझाकर वहां से भेज दिया। आरोप है कि अगले दिन 16 जून की शाम करीब 7:30 बजे मन्तलेश अपने पति सुखपाल और उनके बेटे धन्नु, शुभम व फुल कुमार के साथ राहुल के घर पहुंची। आरोप है कि सभी लोग हाथों में लाठी-डंडे लिए हुए थे और घर में घुसते ही गीता देवी को गालियां देने लगे। इसके बाद जान से मारने की नीयत से उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। मां को बचाने पहुंचे तो परिवार के अन्य सदस्यों से भी मारपीट का आरोप प्रार्थना पत्र में राहुल ने आरोप लगाया है कि उसकी मां को बचाने के लिए वह, उसके पिता, भाई मनस्वी और बहन टिवंक्ल आगे आए तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। परिवार के लोगों द्वारा शोर मचाने पर शुभम पुत्र सोम सिंह, अरुण पुत्र जयप्रकाश समेत अन्य लोग मौके पर पहुंच गए और उन्होंने बीच-बचाव कराया। आरोप है कि विवाद के बाद जाते समय विपक्षीगण ने धमकी दी कि यदि निर्माण कार्य नहीं रोका गया तो राहुल और उसके परिवार को जान से मार दिया जाएगा। महिला को चोटें आई…मेडिकल कराया राहुल के मुताबिक, मारपीट में उसकी मां गीता देवी को काफी चोटें आईं, जबकि परिवार के अन्य सदस्यों को भी गुम चोटें लगीं। घटना के बाद गीता देवी ने थाने पहुंचकर मामले की तहरीर दी। आरोप है कि पुलिस ने उसी रात उन्हें सरकारी अस्पताल सहारनपुर भेजकर मेडिकल परीक्षण और उपचार कराया। हालांकि, राहुल का आरोप है कि पुलिस ने उनकी ओर से रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसके उलट थाना कोतवाली देहात पुलिस ने राहुल और उसके परिवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने परिवार के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि थाना कोतवाली देहात में मुकदमा दर्ज किया गया है। राहुल का आरोप है कि जिस घटना में उसकी मां और परिवार के सदस्यों के घायल होने की बात कही गई है, उसमें उनकी शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय पुलिस ने उनके ही परिवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। एसएसपी को स्पीड पोस्ट से भेजी शिकायत राहुल ने कोर्ट में बताया कि घटना की जानकारी और रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए उसने 23 जून 2026 को स्पीड पोस्ट के माध्यम से एसएसपी सहारनपुर को भी प्रार्थना पत्र भेजा था। आरोप है कि इसके बावजूद संज्ञेय अपराध होने के बाद भी पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। कोर्ट से एफआईआर और विवेचना की मांग प्रार्थना पत्र में राहुल ने कोर्ट को बताया कि 16 जून की कथित घटना के संबंध में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराने और मामले की विवेचना कराने के लिए उचित आदेश पारित किए जाएं। यह प्रार्थना पत्र 25 जून 2026 को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। प्रार्थना पत्र में विपक्षी के रूप में सुखपाल, उनकी पत्नी मन्तलेश तथा धन्नु, शुभम और फुल कुमार को नामजद किया गया है।
Source link