![]()
सहारनपुर में एक एयरफोर्स कर्मचारी युवती से मारपीट कर मोबाइल छीनने का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां का आरोप है कि बड़ी बेटी का मोबाइल फोन छोटी बेटी लेकर युवक के साथ चली गई है। परिजन दावा कर रहे हैं कि जो मोबाइल फोन छीना गया है, उसमें एयरफोर्स सेवा से जुड़ी महत्वपूर्व जानकारी और संपर्क है। जिस कारण युवती का अपने विभाग से संपर्क नहीं हो पा रहा है। 6 जुलाई की रात करीब 9 बजे तहरीर दी है और 7 जुलाई की सुबह 6 बजे मुकदमा दर्ज हुआ है। मामला थाना मंडी क्षेत्र का है। मंडी थाना क्षेत्र के उत्तरी कृष्णा नगर निवासी रीना शर्मा ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी बड़ी बेटी सृष्टि शर्मा भारतीय वायुसेना में कार्यरत हैं और इन दिनों छुट्टी पर अपने घर आई हुई हैं। आरोप है कि रविवार को रिश्तेदार का पुत्र वंश भारद्वाज निवासी ब्राह्मण माजरा उनके घर पहुंचा। परिवार के लोगों ने उसे कई बार घर से जाने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं माना। तहरीर के अनुसार, वह पहले भी कई बार उनके घर आता रहा है। परिजनों का आरोप है कि जब एयरफोर्स कर्मी सृष्टि शर्मा ने वंश भारद्वाज से वापस जाने को कहा तो उसने उनके साथ हाथापाई कर दी, जिसमें सृष्टि शर्मा को चोटें आईं। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद परिवार का कहना है कि सृष्टि शर्मा की छोटी बहन कृतिका शर्मा अपनी बड़ी बहन का मोबाइल फोन लेकर वंश भारद्वाज के साथ अपनी मर्जी से चली गई। परिजनों के अनुसार, मोबाइल फोन में भारतीय वायुसेना की सेवा से जुड़े महत्वपूर्ण संपर्क, आवश्यक दस्तावेज एवं अन्य जरूरी जानकारी मौजूद है। मोबाइल नहीं होने के कारण सृष्टि शर्मा का अपने विभाग से संपर्क बाधित हो गया है। उनकी छुट्टियां भी जल्द समाप्त होने वाली हैं, जिससे उन्हें ड्यूटी पर लौटने और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। रीना शर्मा ने पुलिस को मोबाइल का आईएमईआई नंबर भी दिया है और मोबाइल बरामद कराने की मांग की है। साथ ही वंश भारद्वाज के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी तथा अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
Source link