![]()
संभल में कांवड़ यात्रा से लौट रही किशोरी को जहरीले सांप ने काट लिया। डायल 112 पुलिस की मदद से उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एंटी-वेनम इंजेक्शन लगने के बाद उसकी हालत में सुधार हुआ। करीब पांच घंटे के भीतर किशोरी की हालत सामान्य हो गई और सोमवार सुबह उसे दवा देकर घर भेज दिया गया। घटना गुन्नौर तहसील के बबराला थाना क्षेत्र के मीरमपुर गांव के पास रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे हुई। 20 कांवड़ियों के साथ लौट रही थी किशोरी
धनारी थाना क्षेत्र के खलीलपुर निवासी श्यामवीर की बेटी नीरज (15) अपनी चचेरी बहन सोनी और करीब 20 अन्य कांवड़ियों के साथ राजघाट गंगा से जल लेकर लौट रही थी। कांवड़ियों ने करीब 26 किलोमीटर की यात्रा की थी। रास्ते में पैदल चलते समय अचानक नीरज के पैर में सांप ने काट लिया। नीरज ने बताया कि उसे सांप दिखाई नहीं दिया, लेकिन पैर में अचानक तेज दर्द हुआ। इसके बाद पैर पर सांप के दो डंक के निशान दिखाई दिए।
डायल 112 टीम ने पहुंचाया अस्पताल
कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए गश्त कर रही डायल 112 पुलिस टीम को किशोरी को सांप काटने की सूचना मिली। टीम तत्काल मौके पर पहुंची और नीरज को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसे एंटी-वेनम इंजेक्शन दिया। समय पर इलाज मिलने से उसकी हालत तेजी से सुधरने लगी। चिकित्सक डॉ. संदीप यादव ने बताया कि किशोरी को समय पर एंटी-वेनम इंजेक्शन मिलने से उसकी हालत में तेजी से सुधार हुआ। सोमवार सुबह करीब 7 बजे उसकी स्थिति सामान्य होने पर उसे दवा देकर घर भेज दिया गया। थकान के कारण थोड़ा पीछे रह गई थी नीरज
नीरज की चचेरी बहन सोनी ने बताया कि उनके साथ करीब 20 कांवड़िए थे। यात्रा के दौरान थकान के कारण नीरज बाकी कांवड़ियों से थोड़ी पीछे रह गई थी। इसी दौरान रास्ते में सांप ने उसे काट लिया। नीरज रविवार दोपहर करीब 12 बजे गांव से कांवड़ जल लेने के लिए निकली थी। उसे सावन के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी के अवसर पर सोमवार दोपहर करीब 2 बजे बहजोई थाना क्षेत्र के सादातबाड़ी स्थित सिद्ध पीठ श्री पातालेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक करना था। सांप के काटने के कारण वह मंदिर नहीं पहुंच सकी, हालांकि उसके साथ गए अन्य कांवड़ियों ने मंदिर में जलाभिषेक किया। पुलिस टीम ने दिखाई तत्परता
रेस्क्यू में डायल 112 टीम के कमांडर कांस्टेबल गौरव कुमार, पायलट होमगार्ड नरेश पाल और RQIP ड्यूटी स्टाफ कांस्टेबल अमन चौधरी व सूरज सिंह शामिल रहे। समय पर पुलिस की मदद मिलने और अस्पताल में उपचार होने से किशोरी की जान बच गई।
Source link