![]()
संभल जिले में पोती की शादी से 24 घंटे पहले दादी की छत से गिरकर मौत हो गई। यह घटना मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 11:30 बजे हुई। परिवार में शादी की खुशियों के बीच मातम पसर गया है, हालांकि परिजनों ने गमगीन माहौल में बुजुर्ग महिला का अंतिम संस्कार कर दिया है। आज रात पोती की बारात आनी है। यह घटना चंदौसी तहसील के कुढ़ फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के दियौरा खास गांव की है। मृतक महिला की पहचान 55 वर्षीय माया देवी पत्नी सोहनलाल के रूप में हुई है। मंगलवार रात को लड़की के परिजन लग्न लेकर ससुराल गए थे, और माया देवी घर पर अन्य महिलाओं के साथ छत पर सो रही थीं। छत से नीचे उतरते समय उनका पैर फिसल गया और वह आंगन में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। शादी वाले घर में छाया मातम घर में मौजूद महिलाओं ने घटना की सूचना परिवार के अन्य सदस्यों को दी। घायल माया देवी को रात करीब 1 बजे चंदौसी के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शादी वाले घर में इस दुखद घटना से गहरा सदमा पहुंचा है। माया देवी की पोती अंशु पुत्री सूरजपाल की शादी आज बुधवार रात को बहजोई थाना क्षेत्र के सिकरौल गांव निवासी ऋतिक पुत्र नारायण प्रजापति से होनी है। बुधवार दोपहर करीब 11:30 बजे बुजुर्ग महिला का अंतिम संस्कार कर दिया गया। एक ओर जहां घर में शोक का माहौल है, वहीं दूसरी ओर शादी की तैयारियां भी जारी हैं। मृतक महिला के तीन बेटे हैं, सूरजपाल, मुनेश कुमार और जयपाल। बड़े बेटे सूरजपाल ने बताया कि उनकी बेटी अंशु की आज शादी है। वे मंगलवार रात 8 बजे लग्न लेकर ससुराल गए थे। घर पर उनकी मां सहित अन्य महिलाएं मौजूद थीं। उन्होंने पुष्टि की कि मां का अंतिम संस्कार कर दिया गया है और रात को बेटी की बारात आएगी।
Source link