![]()
संभल में खेत से घर लौट रहे एक 46 वर्षीय किसान की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। यह घटना सोमवार शाम को नखासा थाना क्षेत्र के हसनपुर रोड पर गांव बादल गुंबद के पास हुई। घायल किसान को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक की पहचान गांव रुकूनुद्दीन सराय निवासी शेर सिंह पुत्र रामस्वरूप के रूप में हुई है। शेर सिंह सोमवार शाम करीब 7:30 बजे धान के खेत की सिंचाई कर अपनी साइकिल से घर लौट रहे थे। उनके घर से खेत की दूरी लगभग 4 किलोमीटर है। हसनपुर की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी साइकिल को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस रात 8 से 8:30 बजे के बीच कुछ राहगीरों ने शेर सिंह को सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़ा देखा। उन्होंने तत्काल डायल 112 और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। घायल को संभल कोतवाली कस्बा क्षेत्र के चंदौसी रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन मध्यरात्रि के समय डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी, जो अस्पताल पहुंचे। शेर सिंह की मृत्यु की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। मंगलवार सुबह 11 बजे थाना नखासा पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शेर सिंह ने बटाई पर खेत लिया हुआ था। उनके परिवार में पत्नी ओमवती के अलावा तीन बेटियां (गीता, पूजा, नीतू) और दो बेटे (विनीत, अरुण) हैं। थाना प्रभारी संजय शर्मा ने बताया कि सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस को शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और फिलहाल अज्ञात वाहन की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
Source link