![]()
श्रावस्ती में मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की पहल पर बुधवार को 1 बजे से 2 बजे संचालित ‘संध्या संवाद’ कार्यक्रम एक बार फिर समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम साबित हुआ है। इस कार्यक्रम के माध्यम से दो माह के भीतर वर्षों से लंबित जीपीएफ और सेवा संबंधी देयों के मामलों का निस्तारण करते हुए सेवानिवृत्त कर्मचारियों को 89 लाख 41 हजार 612 रुपये का भुगतान किया गया है। जानकारी के अनुसार, 8 मई 2026 को आयोजित ‘संध्या संवाद’ कार्यक्रम में कई सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने मंडलायुक्त के समक्ष अपने जीपीएफ और अन्य सेवा संबंधी भुगतान लंबे समय से लंबित होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए, मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए थे। मंडलायुक्त के निर्देशों के अनुपालन में, जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया और सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराईं। इसके परिणामस्वरूप, प्रकाश नारायण पाठक, राजेन्द्र प्रसाद पाण्डेय, सुनील श्रीवास्तव, प्रेम नारायण वर्मा, कौशल्या देवी, अवधेश कुमार, भगवान दीन वर्मा सहित अन्य पात्र सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित जीपीएफ एवं सेवा संबंधी देयों का भुगतान सुनिश्चित किया गया। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने इस अवसर पर कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने जोर दिया कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके अधिकारों का समय पर भुगतान कराना न केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी है, बल्कि उनके सम्मान से भी जुड़ा विषय है। भविष्य में भी ऐसे मामलों का त्वरित और संवेदनशील तरीके से निस्तारण कराया जाएगा। वर्षों से अपने भुगतान का इंतजार कर रहे कर्मचारियों ने राशि मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ‘संध्या संवाद’ के माध्यम से उनकी लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान हुआ है, जिससे उन्हें बड़ी आर्थिक राहत मिली है।
Source link