Sorting by

×




मऊ के ऐतिहासिक शीतला मंदिर धाम को लेकर चल रहे विवाद के बीच बुधवार को हिंदू जागरण समिति के कार्यकर्ताओं ने डीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। समिति ने मांग की कि मंदिर की मूल प्राण-प्रतिष्ठित प्रतिमा को उसके वर्तमान स्थान से हटाने के किसी भी प्रयास पर तत्काल रोक लगाई जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। हिंदू जागरण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुजीत कुमार सिंह ने कहा कि शीतला मंदिर धाम करोड़ों हिंदुओं की आस्था, विश्वास और सनातन परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि सदियों से यहां स्थापित माता शीतला की प्रतिमा के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी धार्मिक भावनाएं जुड़ी हुई हैं। समिति ने स्पष्ट किया कि वह मंदिर के भव्य निर्माण, सौंदर्यीकरण और विस्तार का पूर्ण समर्थन करती है। हालांकि, मूल प्रतिमा को उसके स्थान से हटाने का किसी भी स्तर पर विरोध किया जाएगा। समिति ने आरोप लगाया कि कुछ लोग कथित रूप से फर्जी समिति बनाकर मंदिर का संचालन करने का प्रयास कर रहे हैं। उनका उद्देश्य मंदिर का राजनीतिकरण और व्यवसायीकरण करना है, जो धार्मिक परंपराओं के विरुद्ध है और श्रद्धालुओं की भावनाओं के साथ अन्याय है। राष्ट्रीय संगठन महामंत्री एडवोकेट रामकृष्ण भारद्वाज और जिलाध्यक्ष मनीष सिंह ने कहा कि सुनियोजित तरीके से मंदिर की प्रतिष्ठा धूमिल करने की कोशिश की जा रही है। प्रांतीय मंत्री रवि गुप्ता ने भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रतिमा हटाने से मंदिर की ऐतिहासिक प्रामाणिकता और परंपराओं पर सवाल उठ सकते हैं। मंदिर के मुख्य पुजारी दीपक महाराज ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने यह भी आग्रह किया कि किसी भी निर्णय से पहले संत समाज, विद्वान आचार्यों, परंपरागत पुजारियों और स्थानीय श्रद्धालुओं की राय को प्राथमिकता दी जाए। धर्मशास्त्र के विद्वान मुरली मनोहर पांडे ने चेतावनी दी कि यदि आस्था की उपेक्षा कर प्रतिमा हटाने का प्रयास किया गया तो लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक दायरे में रहकर व्यापक आंदोलन किया जाएगा। समिति ने जिलाधिकारी से मांग की कि मंदिर की गरिमा, धार्मिक परंपराओं और मूल प्राण-प्रतिष्ठित प्रतिमा की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी पक्षों से संवाद स्थापित कर ऐसा समाधान निकाला जाए जो कानून, धार्मिक परंपराओं और जनभावनाओं के अनुरूप हो। इस दौरान प्रांतीय मंत्री अमित वर्मा, युथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष आर्यन सिंह, नगर अध्यक्ष रोशन सोनी, एडवोकेट योगेंद्र प्रजापति, राज श्रीवास्तव, राजकुमार मौर्य, रामकेर भंते, सुरेंद्र मिश्रा, आकाश ठाकुर, आदित्य रंजन सिंह, अशोक पांडे, जवाहर मिश्रा, विजय गुप्ता, रवि सैनी, नखडू साहनी, पम्पू यादव, राजकुमार सोनकर, अमित पांडे, अनिल उपाध्याय, संदीप मिश्रा, सोनू पांडे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *