Sorting by

×




बदायूं में शिवरात्रि के मद्देनजर कांवड़ियों की बढ़ती आवाजाही और प्रभावी रूट डायवर्जन को देखते हुए बदायूं में इंटरमीडिएट तक के सभी स्कूल और कॉलेज मंगलवार को बंद रहेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक लाल जी यादव ने सोमवार रात इस संबंध में आदेश जारी कर 11 अगस्त को कक्षा छह से 12 तक के छात्र-छात्राओं का अवकाश घोषित किया है। हालांकि, शिक्षक और विद्यालय कर्मचारी अपने-अपने स्कूल पहुंचकर शासकीय कार्यों का निर्वहन करेंगे। आदेश के मुताबिक, जिन विद्यालयों में पहले से परीक्षाएं निर्धारित हैं, वहां परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएंगी। अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए रहेगा। कछला घाट पर लगातार पहुंच रहे कांवड़िये कांवड़ यात्रा को लेकर कछला गंगाघाट पर शिवभक्तों की भीड़ लगातार बनी हुई है। बदायूं के साथ-साथ बरेली, शाहजहांपुर और पीलीभीत से भी बड़ी संख्या में कांवड़िये गंगाजल लेने पहुंच रहे हैं। सोमवार को जलाभिषेक के बाद भी कांवड़ियों की आवाजाही जारी रही। मंगलवार को शिवरात्रि के अवसर पर मंदिरों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियां की हैं। मंगलवार रात तक लागू रहेगा रूट डायवर्जन आमतौर पर कांवड़ यात्रा के दौरान शुक्रवार रात आठ बजे से सोमवार रात आठ बजे तक प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू रहता है। लेकिन इस बार शिवरात्रि मंगलवार को होने के कारण प्रशासन ने रूट डायवर्जन की अवधि मंगलवार रात तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। पुलिस ने प्रमुख मार्गों और कांवड़ यात्रा वाले रास्तों पर निगरानी बढ़ा दी है। अधिकारियों का उद्देश्य कांवड़ियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के साथ ही सड़क हादसों और यातायात अव्यवस्था को रोकना है। प्रशासन ने लोगों से रूट डायवर्जन का पालन करने और मंगलवार को अनावश्यक रूप से भीड़भाड़ वाले मार्गों पर जाने से बचने की अपील की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *