![]()
शाहजहांपुर में जिला कृषि अधिकारी ने सोमवार शाम करीब पांच बजे एक अवैध खाद फैक्ट्री पर छापा मारा। मदनापुर थाना क्षेत्र के रजपुरा गांव में चल रही इस फैक्ट्री से भारी मात्रा में अवैध खाद सामग्री बरामद की गई। पुलिस ने मौके से 82 बोरी राख, तार के 20 बंडल, 40 खाली और 23 केमिकल से भरे पीपे जब्त किए हैं। रात करीब 11 बजे कृषि अधिकारी ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। यह फैक्ट्री मदनापुर थाना क्षेत्र के रजपुरा गांव में पुष्पेंद्र यादव के खेत में सर्वेश यादव द्वारा चलाई जा रही थी। यहां बड़े पैमाने पर अवैध खाद और फेरस सल्फेट का उत्पादन किया जा रहा था। टीम ने खाद के दो नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।
छापेमारी के दौरान एक बड़ा जनरेटर, 82 बोरी राख, 20 बंडल तार (प्रत्येक 40 किलो), एक तराजू, 40 खाली पीपे और 23 केमिकल से भरे पीपे बरामद हुए। इसके अतिरिक्त, दो मोटर से बनी मशीनें और एक खाद सुखाने वाली मशीन भी मिली। पुलिस ने पूरे परिसर को सील कर दिया है। जिला कृषि अधिकारी की तहरीर पर सोमवार रात करीब 11 बजे मदनापुर थाने में फैक्ट्री संचालक सर्वेश यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। उस पर अवैध रूप से खाद बनाकर किसानों के साथ धोखाधड़ी करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और मामले की विवेचना जारी है। सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि लिखा-पढ़ी की प्रक्रिया अभी जारी है और इसके पूरा होने के बाद विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
Source link