![]()
शाहजहांपुर में गुरूवार रात साढ़े 7 बजे कांवड़ियों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई, जिसमें लगभग 10 कांवड़िये घायल हो गए। यह हादसा कांट थाना क्षेत्र के जरावन गांव के पास हुआ। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कांवड़ियों ने बताया कि अचानक एक गौवंश के सामने आ जाने के कारण चालक ने ब्रेक लगाए। इससे ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कुछ कांवड़िये ट्रॉली पलटने से पहले ही कूद गए थे।
ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार सभी कांवड़िये लखीमपुर जिले के मोहम्मदी थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर तीन के निवासी हैं। वे फर्रुखाबाद के पांचाल घाट से जल लेने के लिए जा रहे थे। सूचना मिलने पर सीओ शुभम वर्मा और थाना प्रभारी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजने के साथ ही सड़क से पलटी हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली को हटाने का काम शुरू कर दिया। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से आठ से दस कांवड़िये घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और घायलों को अस्पताल भेजा गया है। बुधवार शाम को भी कांट थाना क्षेत्र में जमौर के पास एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने तीन कांवड़ियों को टक्कर मार दी थी। उस हादसे में दो कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक कांवड़िया घायल हुआ था।
Source link