Sorting by

×




कानपुर के शास्त्रीनगर में सोमवार को सड़क के दोनों ओर नाली निर्माण और इंटरलॉकिंग कार्य का स्थानीय लोगों ने विरोध कर दिया। विरोध के बाद नगर निगम के अभियंत्रण विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर काम रुकवा दिया। क्षेत्रीय निवासियों का कहना है कि सड़क पहले से ही काफी ऊंची है और उस पर इंटरलॉकिंग बिछाने से सड़क की ऊंचाई और बढ़ जाएगी, जिससे बारिश के दौरान उनके घरों में पानी भरने की आशंका है। मामला वार्ड-91 के शास्त्रीनगर स्थित ब्लॉक-158, 161, 162 और 165 के सामने की सीसी सड़क का है। यहां पार्षद द्वारा करीब 30 लाख रुपये से लगभग 200 मीटर सड़क के दोनों ओर नाली निर्माण और इंटरलॉकिंग का कार्य कराया जा रहा था। इंटरलॉकिंग कार्य का किया विरोध स्थानीय निवासी हरी लाल शर्मा, मुन्ना, सुरेंद्र लाल, धर्मेंद्र सिंह और अनिल द्विवेदी सहित अन्य लोगों ने कार्य का विरोध करते हुए कहा कि मौजूदा सड़क की ऊंचाई पहले से अधिक है। अगर इसके ऊपर इंटरलॉकिंग बिछा दी गई तो सड़क का स्तर और ऊपर चला जाएगा, जबकि मकान नीचे हो जाएंगे। इससे बरसात में जलभराव की गंभीर समस्या हो सकती है। उन्होंने कहा कि सड़क को पूरी तरह से इंटरलॉकिंग करने के बजाय जहां-जहां गड्ढे हैं, वहां सीसी पैचवर्क कराकर सड़क को दुरुस्त किया जाए। लोगों ने जोन-6 कार्यालय में शिकायत की क्षेत्रीय लोगों ने नगर निगम के जोन-6 कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने पर अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता आर.के. सिंह मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि स्थानीय निवासियों की आपत्ति उचित पाई गई। सड़क की ऊंचाई बढ़ने से मकानों में जलभराव की समस्या हो सकती थी, इसलिए फिलहाल निर्माण कार्य रुकवा दिया गया है। उन्होंने कहा कि अब प्रस्तावित कार्य के टेंडर में संशोधन कर उसे रिवाइज कराया जाएगा। संशोधित योजना के अनुसार ही आगे सड़क और नाली निर्माण का कार्य कराया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *