![]()
शामली में मानसून की पहली मूसलाधार बारिश ने भीषण गर्मी से राहत दी, लेकिन नगर पालिका की जल निकासी व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। महज आधे घंटे की बारिश से शहर के करीब एक दर्जन मोहल्लों और प्रमुख बाजारों में दो से तीन फीट तक पानी भर गया, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। जलभराव के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया। नेहरू मार्केट सहित कई प्रमुख इलाकों में पानी भरने से व्यापार प्रभावित हुआ। कई स्थानों पर सड़कें तालाब जैसी नजर आईं, जहां वाहन पानी में फंस गए और पैदल चलने वालों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जलभराव से परेशान हुए लोग एक कोचिंग सेंटर के छात्र-छात्राएं भी जलभराव के कारण काफी देर तक फंसे रहे। कोचिंग सेंटर के बाहर सड़क पर दो से तीन फीट पानी भर जाने से बच्चों को करीब एक घंटे तक पानी कम होने का इंतजार करना पड़ा, जिसके बाद ही वे सुरक्षित घर जा सके। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका द्वारा नालों और नालियों की समय पर सफाई नहीं कराई जाती, जिसके कारण हर वर्ष बारिश में ऐसी ही स्थिति उत्पन्न होती है। लोगों ने जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने और नियमित सफाई कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी समस्याओं से बचा जा सके।
Source link