![]()
कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र स्थित मकड़ीखेड़ा में सीएनजी पंप के पास अंग्रेजी शराब ठेके के बाहर युवक से मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया सामने आने बाद पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। राजकीय यूनियन बस्ती निवासी सुमित सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे वह मकड़ीखेड़ा स्थित सीएनजी पंप के पास अंग्रेजी शराब ठेके के सामने से गुजर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान आयुष यादव, अमित ठेकेदार, गुड्डू और उनके साथ मौजूद चार-पांच अज्ञात लोगों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की और फिर उनके साथ मारपीट की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। शनिवार को घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी। वायरल वीडियो की जांच कर उसे अन्य साक्ष्यों से मिलाया जा रहा है। एसीपी कल्याणपुर दिलीप सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
Source link