Sorting by

×




मिर्जापुर। विंध्याचल धाम में पकरीतर स्थित शीतला मंदिर से हिंडोला माता की भव्य झांकी निकाली गई। श्री विंध्य विजयपुर हिंडोला शीतला संघ के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बुधवार को विजयपुर धाम में पूजन-अर्चन और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। यह यात्रा मंगलवार शाम शीतला मंदिर से आरंभ हुई। झांकी चिकान टोला, पूरब मोहल्ला, बरतर तिराहा, कोतवाली गली, मां विंध्यवासिनी मंदिर, पश्चिम मोहल्ला, चामुंडा देवी मंदिर, राम-जानकी मंदिर और निहुत महावीर मंदिर से गुजरी। मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर माता का स्वागत किया और जगह-जगह आरती उतारी।
इसके बाद श्रद्धालु हिंडोला माता की झांकी को लेकर नंगे पांव पैदल शिवपुर बाजार स्थित अष्टभुजा मंदिर पहुंचे, जहां विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। मनीष रावत के नेतृत्व में श्रद्धालु बरम बाबा स्थल से ध्वज और पताका के साथ विजयपुर धाम के लिए रवाना हुए। देर रात विजयपुर धाम पहुंचने पर माता की विशेष पूजा-अर्चना की गई, जिसमें क्षेत्र की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की गई।
धार्मिक आयोजन के तहत कमेटी की ओर से मां शीतला का भव्य श्रृंगार किया गया। इसके उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में गहरा उत्साह देखने को मिला और भक्ति गीतों तथा जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। इस पैदल यात्रा में विजयपुर हिंडोला शीतला संघ के अध्यक्ष पप्पू पांडेय, मंत्री मनीष रावत, कोषाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, मीडिया प्रभारी संतोष कुमार उर्फ रिंकू, झुल्लन गुप्ता, रामजी सोनकर, मुन्ना पांडेय, मुकेश जायसवाल, बिट्टू पांडे, जन्म पटेल, राहुल पांडे, ज्ञानू पाल, रामजी माली सहित संघ के पदाधिकारी और सैकड़ों श्रद्धालु शामिल रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *