Sorting by

×




इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ खंडपीठ स्थित महामना हॉल में शुक्रवार को वरिष्ठ अधिवक्ता आई.बी. सिंह की पुस्तक ‘नेताजी: भारत की अनकही गाथा’ का विमोचन किया गया। इस अवसर पर न्यायपालिका, सेना, साहित्य और इतिहास जगत से जुड़े कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे। वक्ताओं ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जीवन, संघर्ष और राष्ट्रप्रेम को याद किया, उनके विचारों को युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बताया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति राजन राय थे। विशिष्ट अतिथियों में लेफ्टिनेंट जनरल आर.पी शाही (सेवानिवृत्त), वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखिका सुनीता एरन, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के पूर्व महानिदेशक डॉ. राकेश तिवारी और अवध बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एल.पी मिश्रा शामिल रहे। सभी अतिथियों ने पुस्तक का लोकार्पण किया और लेखक के प्रयास की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के ऐसे महानायक थे, जिनका साहस, नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी हर भारतीय को प्रेरित करता है। उन्होंने बताया कि यह पुस्तक नेताजी के जीवन से जुड़े कई ऐसे पहलुओं और तथ्यों को सामने लाती है, जिन पर अब तक अपेक्षाकृत कम चर्चा हुई है। यह पाठकों को उनके व्यक्तित्व और योगदान को नए दृष्टिकोण से समझने का अवसर प्रदान करेगी। लेखक आई.बी सिंह ने बताया कि पुस्तक लिखने का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को नेताजी के संघर्ष, दूरदृष्टि और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से परिचित कराना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पुस्तक इतिहास के विद्यार्थियों, शोधार्थियों और युवाओं के लिए एक उपयोगी संदर्भ ग्रंथ सिद्ध होगी। समारोह के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, अधिवक्ताओं, साहित्यकारों और उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति, इतिहास और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर भी सार्थक चर्चा हुई।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *