Sorting by

×




लखनऊ के विकासनगर इलाके में हिंदू युवती का धर्म परिवर्तन कर निकाह करने और उसकी छोटी बहन से दुष्कर्म कर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ राजधानी के अलग-अलग थानों में लूट, चोरी, जालसाजी, गैंगस्टर और एनडीपीएस एक्ट समेत करीब 29 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। विकासनगर थाना प्रभारी आलोक सिंह ने बताया पीड़िता ने 3 जुलाई को मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत में बताया कि करीब नौ साल पहले जियाउद्दीन ने उसका धर्म परिवर्तन कराकर निकाह किया था। कुछ समय पहले उसकी छोटी बहन उनके घर आई थी। इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की और ब्लैकमेल कर लगातार यौन शोषण करता रहा। पीड़िता की छोटी बहन ने परेशान होकर पूरी घटना अपनी बड़ी बहन को बताई। दोनों बहनों ने विरोध किया तो आरोपी ने उनके साथ मारपीट की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पीड़िता ने विकासनगर थाने में तहरीर दी। पुलिस ने दुष्कर्म, मारपीट, गाली-गलौज, धमकी और उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह और उनकी टीम ने रविवार को आरोपी जियाउद्दीन को सीतापुर रोड से इटौंजा जाने वाले मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित एक चाय की दुकान से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी मूल रूप से सीतापुर कमलापुर गवईया गांव का रहने वाला है और मौजूदा समय में लखनऊ के टेढ़ी पुलिया क्षेत्र में रह रहा था। उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में लूट, चोरी, जालसाजी, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में करीब 29 मुकदमे दर्ज हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *