Sorting by

×




देवरिया के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) परिसर में मंगलवार को आयोजित रोजगार एवं अप्रेंटिस मेले में 1,190 युवाओं का चयन हुआ। मंगलवार सुबह 12 बजे से शाम 5 बजे तक चले मेले में 20 कंपनियों ने आईटीआई और नॉन-आईटीआई युवाओं का इंटरव्यू लिया। कुल 4,000 युवाओं ने इंटरव्यू दिया। रोजगार मेले में शामिल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों की शैक्षिक योग्यता, तकनीकी दक्षता और निर्धारित मानकों के आधार पर साक्षात्कार लिया। जिले के अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में युवा रोजगार की उम्मीद लेकर आईटीआई परिसर पहुंचे। अभ्यर्थी अपने शैक्षिक और तकनीकी प्रमाणपत्र लेकर कंपनियों के प्रतिनिधियों के सामने इंटरव्यू के लिए पहुंचे। एक ही स्थान पर कंपनियों और युवाओं के बीच सीधा संपर्क होने से अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर तलाशने में सुविधा मिली। 1,190 युवाओं का चयन साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी होने के बाद 1,190 अभ्यर्थियों का चयन विभिन्न कंपनियों में रोजगार और अप्रेंटिस के अवसरों के लिए किया गया। चयनित युवाओं में आईटीआई के साथ नॉन-आईटीआई अभ्यर्थी भी शामिल हैं। आईटीआई प्रधानाचार्य केके राम ने बताया कि मेले में कुल 4,000 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार में हिस्सा लिया। कंपनियों ने अपनी आवश्यकता और अभ्यर्थियों की योग्यता के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की। विधायक ने युवाओं को दिया कौशल का मंत्र मेले का शुभारंभ देवरिया सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी और व्यावसायिक कौशल का विशेष महत्व है। युवाओं को अपनी रुचि और योग्यता के अनुसार क्षेत्र का चयन कर मेहनत, लगन और समर्पण के साथ आगे बढ़ना चाहिए। विधायक ने कहा कि युवा कौशल विकसित कर रोजगार के साथ स्वरोजगार की दिशा में भी आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ काम करने की अपील की। डीएम ने कंपनियों का जताया आभार मेले के समापन अवसर पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने भाग लेने वाली कंपनियों के प्रतिनिधियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। डीएम ने भविष्य में भी कंपनियों से रोजगार मेलों में भाग लेने की अपील की। उन्होंने चयनित युवाओं को बधाई देते हुए अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करने की अपेक्षा जताई। आईटीआई प्रधानाचार्य केके राम ने भी कंपनियों, अभ्यर्थियों और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *