![]()
कानपुर के पनकी थाने से महज 200 कदम की दूरी पर शनिवार देर रात शातिर चोर ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए करीब 60 लाख रुपये की नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। वारदात रिटायर्ड जिला जज के समधी और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के सेवानिवृत्त शाखा प्रबंधक के घर हुई। घटना का खुलासा रविवार सुबह उस समय हुआ, जब नौकरानी घर की सफाई करने पहुंची। घर के कमरे का ताला और कुंडी टूटी देख उसके होश उड़ गए। सूचना पर शाम को मुंबई से लौटे परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पनकी पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी है। हालांकि पुलिस का कहना है कि चोरी गई संपत्ति का अंतिम आकलन अभी होना बाकी है।
थाने से महज 200 मीटर दूरी पर हुई घटना
पनकी थाना क्षेत्र के सी-ब्लॉक निवासी संतोष कुमार शर्मा, जो स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से शाखा प्रबंधक पद से सेवानिवृत्त हैं, पत्नी के साथ 17 जून को बेटे अरुण की ससुराल में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने मुंबई गए थे। उनका बड़ा बेटा अरुण दुबई की एक कंपनी में कंट्री हेड है, जबकि छोटा बेटा पीयूष अमेरिका में साइबर क्षेत्र में कार्यरत है। घर बंद होने का फायदा उठाकर शनिवार रात करीब 2:30 बजे एक शातिर चोर दीवार फांदकर घर में दाखिल हुआ। रविवार सुबह करीब नौ बजे नौकरानी सीमा सफाई करने पहुंची। मुख्य गेट खोलकर जैसे ही अंदर गई, कमरे का टूटा ताला और कुंडी देखकर वह घबरा गई। अंदर का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। अलमारियों के लॉकर टूटे पड़े थे और पूरा सामान बिखरा हुआ था। उसने तत्काल फोन कर परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार मुंबई से फ्लाइट द्वारा कानपुर रवाना हुआ और शाम करीब छह बजे घर पहुंचने के बाद 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पनकी थाना पुलिस, फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचे। जांच में सामने आया कि चोर घर में लगे डीवीआर को भी अपने साथ ले गया, ताकि पहचान न हो सके। हालांकि मकान के ऊपरी हिस्से में लगे इंटरनेट आधारित सीसीटीवी कैमरों की क्लाउड रिकॉर्डिंग में पूरी वारदात कैद हो गई। फुटेज में एक चोर रात करीब 2:30 बजे घर में घुसता और सुबह 4:45 बजे बाहर निकलता दिखाई दे रहा है। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर उसकी पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं। परिजनों का दावा है कि चोर घर से नकदी और कीमती आभूषण समेत करीब 60 लाख रुपये से अधिक का सामान ले गया है। चोरी की सही कीमत का आकलन सूची तैयार होने के बाद किया जाएगा। घटना ने इसलिए भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं क्योंकि वारदात पनकी थाने से महज 200 कदम की दूरी पर हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि रात में प्रभावी गश्त होती तो इतनी बड़ी चोरी की घटना रोकी जा सकती थी।
डीसीपी वेस्ट एस. एम. कासिम आबिदी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति दीवार फांदकर घर में प्रवेश करता दिखाई दे रहा है। पुलिस को चोरी की सूचना मिली है, लेकिन चोरी गए माल की वास्तविक कीमत का सत्यापन किया जा रहा है। घटना के खुलासे के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का सफल अनावरण किया जाएगा।
Source link