![]()
कानपुर में बरसात के बीच जलभराव और नाला सफाई को लेकर नगर निगम पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। मंगलवार को एक ओर महापौर प्रमिला पांडेय ने सर्वोदय नगर और फजलगंज वार्ड का निरीक्षण कर नालों पर अतिक्रमण और सफाई में लापरवाही पर अधिकारियों को फटकार लगाई। वहीं दूसरी ओर नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने परमट क्षेत्र का निरीक्षण कर जलभराव के कारणों की समीक्षा की और 24 घंटे निगरानी के सख्त निर्देश जारी किए। महापौर प्रमिला पांडेय के निरीक्षण के दौरान कई जगहों पर नालों के ऊपर अतिक्रमण मिला, जबकि रिकॉर्ड में उनकी सफाई पूरी दिखाई गई थी। इस पर उन्होंने नगर निगम के मुख्य अभियंता को तत्काल अतिक्रमण हटाने और नालों की प्रभावी सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इसके बाद नगर निगम की टीम ने सर्वोदय नगर और फजलगंज में अभियान चलाकर नालियों और नालों के ऊपर बने अस्थायी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। महापौर प्रमिला पांडेय ने बताया कि पूरे शहर में नाला सफाई अभियान की लगातार निगरानी की जा रही है। जहां भी अतिक्रमण या लापरवाही मिलेगी, वहां तत्काल कार्रवाई कर बारिश के दौरान जलभराव की समस्या को रोकने का प्रयास किया जाएगा। बारिश में जलभराव का बढ़ रहा खतरा क्षेत्रीय पार्षद नीरज बाजपेई ने बताया कि जेके मंदिर के पास भी निरीक्षण के दौरान नाली और नाले पर किए गए अतिक्रमण को देखकर महापौर ने तुरंत हटाने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि अतिक्रमण के कारण नालों की सफाई प्रभावित हो रही थी और बारिश में जलभराव का खतरा बढ़ रहा था। नगर आयुक्त ने परमट क्षेत्र का किया निरीक्षण वहीं नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने परमट सम्पवेल, परमट मंदिर और शेल्टर होम के पास जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया। समीक्षा में सामने आया कि परमट नाला टैपिंग स्थल पर स्क्रीन में फ्लोटिंग मैटेरियल जमा होने और उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) की ओर से पाइपलाइन कार्य के दौरान बनाई गई अस्थायी दीवार के कारण पानी का बहाव बाधित हुआ, जिससे बैकफ्लो और जलभराव की स्थिति बनी हुई थी। नगर निगम के अनुसार अब अस्थायी अवरोध हटा दिया गया है। नगर आयुक्त ने सीएंडडी वेस्ट हटाने के आदेश दिए नगर आयुक्त ने जोन-4 के अधिकारियों को नाला टैपिंग स्थल और गेट वाल्व पर 24 घंटे कर्मचारियों की तैनाती करने के निर्देश दिए। साथ ही स्क्रीन पर जमा होने वाले कचरे की लगातार सफाई, गलीपिट की मरम्मत, परमट मंदिर के वैकल्पिक मार्ग के निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने और घाट क्षेत्र से दो दिन के अंदर सीएंडडी वेस्ट हटाने के आदेश दिए। लापरवाही पर गिरी गाज निरीक्षण के दौरान परमट मंदिर परिसर, सीढ़ियों और घाट पर गंदगी मिलने पर नगर आयुक्त ने सफाई नायक समेत छह आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बरसात के दौरान सफाई और जल निकासी में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Source link