![]()
रामपुर जिले के सेजनी नानकार गांव में स्वच्छ भारत मिशन के तहत बना सार्वजनिक शौचालय बदहाल स्थिति में है। मंगलवार सुबह 10 बजे मौके पर निरीक्षण के दौरान पाया गया कि शौचालय में न तो दरवाजे हैं, न पानी की व्यवस्था, न बिजली और न ही रोशनी का कोई इंतजाम। कई जगह टूट-फूट के कारण यह उपयोग के लायक नहीं बचा है, जिससे ग्रामीणों को खुले में शौच के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। पानी की टोटियां चोरी स्थानीय बुजुर्ग मुनव्वर ने बताया कि शौचालय बनने के शुरुआती कुछ महीनों तक स्थिति ठीक थी। हालांकि, बाद में पानी की टोटियां चोरी हो गईं और दरवाजे टूटकर गायब हो गए। वर्तमान में यहां न पानी की टंकी है, न बल्ब और न ही इसकी देखरेख करने वाला कोई व्यक्ति। राहगीर अली हसन के अनुसार, शौचालय के पास एक मजार है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों लोग आते-जाते हैं। मूलभूत सुविधाओं के अभाव में इन लोगों को भी खुले में शौच करना पड़ता है, जिससे स्वच्छता और जन स्वास्थ्य दोनों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जिले के प्रभारी मंत्री, सांसद और विधायक विकास कार्यों और निगरानी के लगातार दावे करते हैं, लेकिन इस सार्वजनिक शौचालय की बदहाली इन दावों की सच्चाई उजागर करती है। ग्रामीणों ने शौचालय की तत्काल मरम्मत कर पानी, बिजली, दरवाजे और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि यह मामला उनकी जानकारी में नहीं था। उन्होंने आश्वासन दिया कि शौचालय का शीघ्र निरीक्षण कराया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई कर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त की जाएंगी।
Source link