![]()
रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह के 75वें जन्मदिवस पर 10 जुलाई को आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी लखनऊ महानगर कार्यालय में बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने की। इसमें कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। हनुमान सेतु पर होगा आयोजन, सुंदरकांड पाठ से होगी शुरुआत बैठक में तय किया गया कि जन्मदिवस समारोह का आयोजन हनुमान सेतु मंदिर परिसर स्थित पार्किंग स्थल पर किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत शाम 3 बजे सुंदरकांड पाठ से होगी। इसमें पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। 11 विशिष्ट लोगों का होगा सम्मान सुंदरकांड पाठ के बाद समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 11 विशिष्ट लोगों को सम्मानित किया जाएगा। शिक्षा, चिकित्सा, सामाजिक सेवा, संस्कृति, साहित्य, खेल और जनकल्याण समेत विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को मंच पर सम्मान दिया जाएगा। राजनाथ सिंह के योगदान को किया याद बैठक में पदाधिकारी ने कहा कि राजनाथ सिंह का सार्वजनिक जीवन राष्ट्रसेवा, जनसेवा और संगठन के प्रति समर्पण का उदाहरण रहा है। लखनऊ के सांसद के रूप में उन्होंने शहर के विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और जनसमस्याओं के समाधान के लिए लगातार काम किया है। उनके 75वें जन्मदिवस को सेवा और सामाजिक सरोकारों से जोड़कर मनाया जाएगा। व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी पदाधिकारियों को सौंपी बैठक में कार्यक्रम स्थल की तैयारियों, अतिथियों के स्वागत, सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, जनसंपर्क अभियान और सम्मान समारोह की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। साथ ही पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपते हुए समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।
Source link