![]()
रक्षाबंधन पर महिलाओं को रोडवेज बसों में मुफ्त सफर की सुविधा मिलेगी। त्योहार के दौरान यात्रियों की बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए परिवहन विभाग ने बसों के संचालन और सड़क सुरक्षा को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने अधिकारियों को बसों की फिटनेस जांच से लेकर चालकों की निगरानी तक के निर्देश दिए हैं। बसों की पहले होगी फिटनेस जांच रक्षाबंधन के दौरान रोडवेज बसों के साथ निजी बसों, टैक्सियों और ई-रिक्शा की संख्या भी सड़कों पर बढ़ेगी। ऐसे में खराब या तकनीकी खामी वाली बसों को संचालन से दूर रखने के निर्देश दिए गए हैं। बसों की फिटनेस और तकनीकी स्थिति की पहले ही जांच करने को कहा गया है, ताकि सफर के दौरान यात्रियों को परेशानी न हो। नशे में चालक मिला तो होगी कार्रवाई परिवहन विभाग की सबसे ज्यादा नजर चालकों पर रहेगी। ड्यूटी से पहले चालकों और परिचालकों की जांच होगी। नशे की हालत में ड्यूटी करने वाले चालक या परिचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि बसें निर्धारित गति सीमा में ही चलें और चालक ओवरस्पीडिंग न करें। निजी बस और ई-रिक्शा चालकों का होगा सत्यापन रक्षाबंधन के दौरान चलने वाली निजी बसों के चालकों और परिचालकों का पुलिस व चरित्र सत्यापन अनिवार्य किया गया है। टैक्सी और ई-रिक्शा चालकों का भी सत्यापन कराया जाएगा। परिवहन विभाग ने साफ किया है कि सत्यापित और सक्षम चालकों से ही वाहन चलवाए जाएं। इसके साथ ही किसी भी वाहन में क्षमता से ज्यादा यात्रियों को बैठाने पर कार्रवाई होगी। ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवारी बैठाने पर शिकंजा त्योहार के दौरान ग्रामीण इलाकों से शहरों की ओर आने-जाने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए माल वाहनों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में यात्रियों के अनधिकृत परिवहन पर विशेष नजर रहेगी। ओवरलोडिंग और ओवरस्पीडिंग के खिलाफ भी प्रवर्तन अभियान चलाया जाएगा। डीजे और वाहनों में अवैध बदलाव भी निशाने पर रक्षाबंधन के दौरान तेज आवाज वाले डीजे सिस्टम लगे वाहनों और मूल संरचना में अवैध बदलाव करने वाले वाहनों पर भी कार्रवाई होगी। परिवहन अधिकारियों को पुलिस और जिला प्रशासन के साथ मिलकर रूट डायवर्जन और यातायात व्यवस्था संभालने के निर्देश दिए गए हैं। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने अधिकारियों को फील्ड में रहकर व्यवस्था की निगरानी करने को कहा है, ताकि रक्षाबंधन पर महिलाओं समेत सभी यात्रियों को सुरक्षित और सुगम सफर मिल सके।
Source link