Sorting by

×




मेरठ में आगामी कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार और एसएसपी अविनाश पांडे ने अधिकारियों के साथ चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों को यात्रा शुरू होने से पहले सभी कार्य तय समयसीमा में पूरे करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्थाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को कांवड़ मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्सों की तत्काल मरम्मत कर उसे गड्ढामुक्त बनाने का निर्देश दिया। बिजली विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति, जल निगम को पर्याप्त पेयजल व्यवस्था, स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल सुविधाएं और नगर निकायों को स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। डीएम ने जोर देकर कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु मेरठ से गुजरेंगे, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, एसडीएम सरधना उदित नारायण सेंगर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामप्रसाद, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता दुर्गेश कुमार जायसवाल सहित सिंचाई विभाग, वन विभाग और लोक निर्माण विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन इस बार कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और हाईटेक प्रबंधन के साथ संपन्न कराने पर विशेष ध्यान केंद्रित कर रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *