![]()
मुजफ्फरनगर में नई मंडी क्षेत्र स्थित रेलवे लाइन के किनारे विकसित पार्क और सार्वजनिक परिसंपत्तियों को क्षति पहुँचाने का मामला अब शासन स्तर तक पहुँच गया है। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने इस प्रकरण का संज्ञान लेते हुए उत्तर रेलवे के मंडलीय रेल प्रबंधक को पत्र भेजा है। उन्होंने क्षतिग्रस्त पार्क और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं के शीघ्र पुनर्निर्माण की मांग की है। पूर्व सभासद विपुल भटनागर ने बताया कि वर्ष 2022 में उनके कार्यकाल के दौरान राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान के प्रयासों से आवास विकास परिषद ने रेलवे लाइन के किनारे खुले नाले को ह्यूम पाइप डालकर बंद कराया था। इसके बाद नगर पालिका परिषद और स्थानीय लोगों के सहयोग से वहाँ एक सुंदर पार्क, पैदल पथ और बैठने की व्यवस्था सहित अन्य सार्वजनिक सुविधाएँ विकसित की गई थीं। यह स्थान क्षेत्रवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया था। भटनागर ने आरोप लगाया कि हाल ही में रेलवे विभाग ने अपनी बाउंड्री वॉल के निर्माण और विस्तार कार्य के दौरान बिना किसी पूर्व सूचना या समन्वय के इस पार्क और वहाँ बनी सार्वजनिक परिसंपत्तियों को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना से स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अपने पत्र में रेलवे अधिकारियों से कहा है कि नगर पालिका और जनसहभागिता से विकसित इस सार्वजनिक स्थल को हुए नुकसान की भरपाई की जाए। उन्होंने पार्क और अन्य संरचनाओं का जल्द से जल्द पुनर्निर्माण कराने का निर्देश दिया है, ताकि क्षेत्रवासियों को पूर्ववत सुविधाएँ मिल सकें। पूर्व सभासद विपुल भटनागर ने मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पार्क केवल सौंदर्यीकरण परियोजना नहीं, बल्कि जनसहभागिता और क्षेत्र की पहचान का प्रतीक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि रेलवे प्रशासन मंत्री के पत्र पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करेगा।
Source link