Sorting by

×




मिर्जापुर में शराब पीने को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी आनंद कुमार विश्वकर्मा उर्फ रामबाबू (40) को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना के दौरान पहनी गई रक्तरंजित पैंट भी बरामद की है। मामला देहात कोतवाली क्षेत्र के बरबसपुर मिश्र लहौली गांव का है। मामला 25 अगस्त का है। भरूहना निवासी रमेश चंद्र विश्वकर्मा ने देहात कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि उनके बेटे अनिल विश्वकर्मा को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 413/2026 में बीएनएस की धारा 105 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की। शराब पीने को लेकर हुआ था विवाद पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी आनंद कुमार ने बताया कि अनिल के साथ शराब पीने को लेकर उसका विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान अनिल ने गाली-गलौज की, जिससे वह आक्रोशित हो गया। इसी दौरान उसने पास रखी एल्यूमिनियम की डेकची से अनिल पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद अनिल को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटनास्थल से पुलिस को ब्ल्यू लाइम देशी शराब का पाउच और गिलास भी मिला था। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े भौतिक और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाए। मुखबिर की सूचना पर आरोपी गिरफ्तार घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में तीन टीमों का गठन किया था। मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर देहात कोतवाली पुलिस ने आरोपी आनंद कुमार विश्वकर्मा उर्फ रामबाबू को गिरफ्तार कर लिया। वह बड़ा सखौरा फतहा, कोतवाली शहर का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर खून से सनी पैंट बरामद की है। पुलिस के अनुसार, बरामद पैंट को घटना से जोड़कर जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक मुनीम गुप्ता समेत देहात कोतवाली पुलिस टीम शामिल रही।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *