![]()
मिर्जापुर। आगामी विधान परिषद चुनाव के मद्देनजर माइनारिटी वेलफेयर सोसाइटी ने रविवार को नगर के वासलीगंज में एक मतदाता जागरूकता शिविर का आयोजन किया। इस शिविर में अल्पसंख्यक समाज के कई लोग शामिल हुए। शिविर में वक्ताओं ने उपस्थित मतदाताओं से अपने मताधिकार का प्रयोग करने और अधिक से अधिक लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने लोकतंत्र में जनता के मत को सबसे बड़ी ताकत बताया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्नातक विधान परिषद निर्वाचन के प्रभारी रमेश चंद्र बिंद ने लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा के लिए जनता से अपने मताधिकार का इस्तेमाल करते हुए राजनीतिक रूप से जवाब देने की बात कही। उन्होंने उपस्थित लोगों से सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा के पक्ष में प्रथम वरीयता का मत देने की अपील की, ताकि लोकतांत्रिक एवं धर्मनिरपेक्ष विचारधारा को मजबूत किया जा सके। डॉ. शक्ति श्रीवास्तव ने कार्यकर्ताओं से मतदाताओं से व्यक्तिगत संपर्क कर उन्हें मतदान के लिए जागरूक करने की जिम्मेदारी पर जोर दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए शहर काजी मौलाना नजम अली ने कहा कि मतदाता बनना और मतदान करना लोकतंत्र में नागरिकों का महत्वपूर्ण अधिकार और जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रयास करने का आग्रह किया। मो. परवेज खान ने क्षेत्र के विकास, अमन और तरक्की के लिए मतदान में भागीदारी को आवश्यक बताया। गोष्ठी का संचालन अशफाक अहमद ने किया। इस अवसर पर मौलाना नौशाद आलम, सोनावर खान, आदर्श यादव, अफजाल अहमद, नेमत खान गुड्डू, नसीम अहमद, वजीर खान, अरशद खान, शहनाज परवीन, मौलाना शमसुद्दीन, मौलाना नुरूल इस्लाम, इरशाद खान, तबस्सुम वकार, शमीम खान सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
Source link