![]()
मथुरा में जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर सोमवार को शाम करीब 7 बजे सेठवाड़ा स्थित जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर जिला अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। पार्टी द्वारा नियुक्त ऑब्जर्वर डॉ. अंजली निब्बारकर के समक्ष कुल 14 कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपनी दावेदारी पेश करते हुए नामांकन पत्र दाखिल किए। नामांकन दाखिल करने वालों में मुकेश धनगर, डॉ. आशुतोष भारद्वाज, दिलीप चौधरी, भगवान सिंह वर्मा, दिनेश मौर्या, तपेश गौतम, विनोद आर्य, दीपक अग्रवाल, योगेश पचहरा, राजकुमार तिवारी, प्रवीन ठाकुर, अनिल कुंतल, रूपा लवानिया और कमलेश चौधरी शामिल हैं। इनमें तीन महिला दावेदार भी हैं। पार्टी नेतृत्व अंतिम निर्णय लेगा ऑब्जर्वर डॉ. अंजली निब्बारकर ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी हुई। प्राप्त नामांकनों पर पार्टी का शीर्ष नेतृत्व विचार करेगा। जिला अध्यक्ष पद के लिए छह लोगों का एक पैनल तैयार कर शीर्ष नेतृत्व को भेजा जाएगा, जिसके बाद पार्टी नेतृत्व अंतिम निर्णय लेगा। पूर्व में नौहझील ब्लॉक में हुए विवाद को देखते हुए कार्यालय पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। नामांकन प्रक्रिया के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया और कार्यालय के आसपास समर्थकों की भीड़ जुटी रही। जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी दावेदारी पेश करने का अधिकार है। पार्टी में सभी कार्यकर्ताओं की अपनी भूमिका होती है। वहीं, दावेदार दिलीप चौधरी ने कहा कि पार्टी नेतृत्व का निर्देश सभी के लिए सर्वमान्य होगा और संगठन को मजबूत करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर काम करना चाहिए। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब छह नामों का पैनल शीर्ष नेतृत्व को भेजा जाएगा। इसके बाद जिला कांग्रेस के नए अध्यक्ष के चयन को लेकर पार्टी नेतृत्व के निर्णय का इंतजार है।
Source link