Sorting by

×




हरदोई में बिल्हौर-कटरा हाईवे पर मल्लावां चौराहे के पास सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे एक सड़क हादसा हो गया। अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को मेडिकल कॉलेज से लखनऊ रेफर किया गया है। युवक की शादी पिछले साल 5 मई को ही हुई थी। मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के बंदीपुर गांव निवासी 25 वर्षीय संदीप मजदूरी करते थे। उनके छोटे भाई सत्यवान के अनुसार, संदीप सोमवार तड़के 3:30 बजे अपने 23 वर्षीय दोस्त आकाश के साथ बाइक से मजदूरी के लिए घर से निकले थे। वे एक निर्माणाधीन मकान पर मिक्सर मशीन पहुंचाने जा रहे थे। मशीन पहुंचाने के लिए ही दोनों घर से जल्दी निकले थे। मल्लावां चौराहे के पास पहुंचते ही किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने चीख-पुकार सुनकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने एंबुलेंस से दोनों घायलों को पहले मल्लावां सीएचसी और फिर हरदोई मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। डॉक्टरों ने सुबह 6:50 बजे संदीप को मृत घोषित कर दिया। आकाश की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। संदीप की शादी पिछले साल 5 मई को सुमन के साथ हुई थी। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि यह दुर्घटना दूसरे थाना क्षेत्र में हुई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *