Sorting by

×




प्रयागराज के बेली अस्पताल में भर्ती 42 वर्षीय मरीज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार रात तक अस्पताल में भर्ती रहे कीडगंज के मलाकराज निवासी मनोज सोमवार सुबह अस्पताल के मुख्य गेट के बाहर अचेत अवस्था में मिले। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने अस्पताल के अंदर मारपीट कर हत्या करने और साक्ष्य मिटाने के लिए शव बाहर फेंकने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
रात में विवाद, फिर अचानक लापता हो गया
परिजनों के मुताबिक, शनिवार को तबीयत बिगड़ने पर मनोज को बेली अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि रविवार देर रात इलाज के दौरान अस्पताल में कुछ लोगों से उसका विवाद हुआ, जिसके बाद उसके साथ मारपीट की गई। इसके कुछ देर बाद वह रहस्यमय ढंग से लापता हो गया। रातभर तलाश के बावजूद उसका पता नहीं चला। सोमवार सुबह अस्पताल के मुख्य गेट के बाहर वह अचेत पड़ा मिला। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
भाई का आरोप- पीटकर हत्या की गई
मृतक के भाई काजू का आरोप है कि मनोज की अस्पताल के भीतर पीट-पीटकर हत्या की गई और घटना छिपाने के लिए शव को अस्पताल के बाहर फेंक दिया गया। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल पहुंचकर विरोध जताया।
पोस्टमार्टम में सिर पर मिले चोट के निशान
सूत्रों के मुताबिक पोस्टमार्टम में मनोज के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी मौत के कारण को लेकर कुछ कहा नहीं जा सकता। यह भी हो सकता है कि वह सड़क हादसे का शिकार हुआ हो। अस्पताल स्टाफ से पूछताछ करने के साथ सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस बोली- मानसिक रूप से परेशान था
कैंट थाना प्रभारी अमरनाथ राय ने बताया कि मृतक मानसिक रूप से परेशान था और उसका इलाज चल रहा था। परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सबसे बड़ा सवाल- अस्पताल से बाहर कैसे पहुंचा मरीज?
घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि वार्ड में भर्ती मरीज रात के समय अस्पताल से बाहर कैसे पहुंच गया। यदि वह इलाज के दौरान अस्पताल में था तो उसकी निगरानी किसकी जिम्मेदारी थी और बिना किसी को जानकारी हुए वह मुख्य गेट तक कैसे पहुंचा। इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
वार्ड ब्वाय निलंबित, जांच समिति करेगी पड़ताल
मामले में कार्रवाई करते हुए बेली अस्पताल प्रशासन ने संविदा पर कार्यरत वार्ड ब्वाय पीयूष को निलंबित कर दिया है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. भावना शर्मा ने बताया कि घटना के समय पीयूष ट्रामा सेंटर में तैनात था। प्रथम दृष्टया उससे पूछताछ की जा रही है। पूरे मामले की सच्चाई जांच समिति की रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *