![]()
बुलंदशहर के सिकंदराबाद विधानसभा क्षेत्र में करीब 9.61 करोड़ रुपये की लागत से बनी नई सड़क को निर्माण के महज चार महीने बाद जल निगम द्वारा तोड़े जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलने पर सोमवार को विधायक लक्ष्मीराज सिंह मौके पर पहुंचे और संबंधित अधिकारियों को तलब कर सड़क क्षतिग्रस्त किए जाने पर कड़ी नाराजगी जताई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। गाजियाबाद-कानपुर संपर्क मार्ग से सिकंदराबाद-दनकौर रोड तक बनी इस सड़क का निर्माण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की स्वीकृति से कराया गया था। विधायक लक्ष्मीराज सिंह ने बताया कि उन्होंने क्षेत्रवासियों की सुविधा के लिए मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर सड़क निर्माण की मांग की थी। जनता के टैक्स के पैसे से सड़क का निर्माण कराया गया था, ताकि लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके। सड़क क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलने पर विधायक तुरंत मौके पर पहुंचे। सड़क की स्थिति देखकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर बुलाया और सड़क कटान को लेकर जवाब-तलब किया। ‘जनता के पैसे की बर्बादी बर्दाश्त नहीं’ विधायक लक्ष्मीराज सिंह ने कहा कि बिना विभागीय समन्वय के जनता के धन से कराए गए विकास कार्यों को इस तरह नुकसान पहुंचाना गंभीर लापरवाही है। उन्होंने कहा कि ऐसी कार्यशैली किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी और विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाना चाहिए। मरम्मत और समन्वय के दिए निर्देश विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षतिग्रस्त सड़क की तत्काल और गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराई जाए। साथ ही भविष्य में जल निगम, विद्युत या किसी अन्य विभाग द्वारा सड़क कटान से पहले प्रशासन और संबंधित विभागों से लिखित अनुमति तथा आपसी समन्वय सुनिश्चित किया जाए। वीडियो बना चर्चा का विषय सड़क टूटने और विधायक द्वारा अधिकारियों को फटकार लगाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि संबंधित विभाग सड़क की मरम्मत कितनी जल्द पूरी करता है।
Source link